राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई। जिलेभर में उल्लास एवं उत्साह के साथ हरेली त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, बच्चे, युवा, बुजुर्ग, महिलाएं सभी खुशी के साथ हरेली के त्यौहार में शामिल हुए।
हरेली पर्व के अवसर पर गुरुवार को कलेक्टर डोमन सिंह के निर्देशन में हर घर झंडा अभियान अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत बघेरा गौठान में तिरंगा झंडा निर्माण का कार्य महिला स्वसहायता समूह द्वारा शुभारंभ किया गया।
ब्लॉक में 130 से अधिक समूह महिलाएं तिरंगा झंडा निर्माण करेंगी। बड़े पैमाने पर झंडा निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। जिससे प्रत्येक घर में झंडा लगवाया जा सके। झंडा निर्माण के साथ ही हरेली पर्व में परंपरागत कृषि औजारों की एवं छत्तीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना की गई। पशुओं को खिचड़ी खिलाया गया।
अपर कलेक्टरी सीएल मारकण्डेय तथा उनकी टीम ने महिला समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा स्वयं भी सामग्री खरीद कर उन्हें प्रोत्साहित किया।
गौठान में मल्टी एक्टिविटी का भी मुआयना किया। गौठान में रेशम धागा निर्माण, मछली उत्पादन, मशरूम उत्पादन सहित समस्त गतिविधियों का भी अवलोकन किया। हरेली त्यौहार के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ी खेलकूद जैसे गेड़ी प्रतियोगिता, रस्सीखींच प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ।
रस्सी खींच प्रतियोगिता में अपर कलेक्टर सीएल मारकण्डेय, संयुक्त कलेक्टर निष्ठा पांडे, एसडीएम अरूण वर्मा, तहसीलदार प्रफुल्ल गुप्ता, सीईओ रोशनी भगत ने भी हिस्सा लिया। एक तरफ अधिकारियों की टीम तथा दूसरे तरफ राजीव युवा मितान की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासियों की टीम ने भाग लिया। जिसमें अधिकारियों की टीम ने जीत दर्ज की।
महिला समूह को उनके उत्कृष्ट कार्य हेतु श्रीफल देकर सम्मानित किया गया।