राजनांदगांव

देवारीभाट में हरियाली महोत्सव, गौमूत्र खरीदी शुरू
30-Jul-2022 4:06 PM
देवारीभाट में हरियाली महोत्सव, गौमूत्र खरीदी शुरू

बच्चों के लिए गेड़ी दौड़ सहित कई स्पर्धाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 30 जुलाई।
जिले के खैरागढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत देवारीभाट में  जिला स्तरीय हरेली महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना अंतर्गत गुरुवार को यहां गौमूत्र खरीदी का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा एवं जिला कलेक्टर डोमन सिंह की विशेष उपस्थिति में हरेली महोत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक यशोदा वर्मा ने कहा कि हरेली तिहार छत्तीसगढ़ की पहली पारंपरिक त्यौहार है।

हरेली त्यौहार के माध्यम से हम कृषि उपकरणों की पूजा करते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति परंपरा के साथ ही राज्य की खेल प्रतिभा एक समय विलुप्त होने की कगार पर चल पड़ी थी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे पुनर्जीवित करने और संजोए रखने का कार्य किया है।  

कलेक्टर डोमन सिंह ने कहा कि गोधन न्याय योजना राज्य की महत्वाकांक्षी योजना है। इस योजना से प्रदेश के साथ ही जिले के किसान समृद्ध हो रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिले के शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में गोधन न्याय योजना का शुभारंभ कर गोबर की खरीदी की जाएगी। जिससे सभी पशुपालक और किसानों को आमदनी अर्जित करने का मजबूत जरिया मिल सके। इसके लिए जिन ग्राम पंचायतों में गौठान का निर्माण नहीं हुआ है, वहां गौठान का निर्माण करने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर प्रतिवेदन दें।

बच्चों के बीच कुर्सी दौड़, स्लो साइकिल दौड़ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गेड़ी दौड़ का आयोजन किया गया। जिसमें खैरागढ़ के ओएसडी जगदीश सोनकर ने अपना हुनर दिखाकर लोगों का उत्साह वर्धन किया। इस अवसर पर गजेन्द्र ठाकुर, तानकेश्वर प्रसाद साहू,  डॉ. राजीव देवरस,  राजेश शर्मा, जनपद सीईओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोविड-19 टीकाकरण के लिए स्टॉल लगाया।  
 


अन्य पोस्ट