राजनांदगांव

बादलों के छंटने से तापमान में 5 डिग्री का इजाफा
29-Jul-2022 1:01 PM
बादलों के छंटने से तापमान में 5 डिग्री का इजाफा

 

बढ़ते तापमान से लौटी उमस और गर्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 29 जुलाई।
बादलों के छंटते ही तापमान में भी बढ़ोत्तरी होने लगी है। इसका असर वातावरण में मौजूद नमी पर पड़ा है। लिहाजा उमस और गर्मी से लोग हलाकान होने लगे हैं।

जुलाई के दूसरे पखवाड़े में मानसून मेहरबान रहा। अच्छी बारिश होने के कारण दिन और रात का तापमान काफी कम रहा। नतीजतन लोगों को पसीने छूटने वाली गर्मी से लोगों को कुछ दिनों तक राहत रही। अब फिर से तापमान बढ़ते ही उमस और गर्मी लौट आई है। वहीं चिलचिलाती धूप भी लोगों को चुभ रही है।

दिन का तापमान बढ़ते ही गर्म हवाएं भी चल रही है। इस साल भीषण गर्मी ने लोगों की सेहत और जीवनशैली को काफी प्रभावित किया। आषाढ़ में मामूली छींटे पडऩे के बाद मानसून थम गया, लेकिन सावन लगते ही मानसून लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरा और जिलेभर में अच्छी बारिश हुई। मूसलाधार बारिश के चलते बांध-बैराज छलक रहे हैं। नदियों की रफ्तार भी तेज  बनी हुई है। इस बीच बारिश थमने के कुछ दिनों बाद धूप खिल गया। अब यही धूप लोगों के पसीने छुड़ा रहा है। दिन में लोग पसीने से लथपथ होने लगे हैं। वहीं रात का तापमान बढऩे से कूलर और एसी चलने लगे हैं।

बताया जा रहा है कि मानसूनी बादलों का रूख छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके की ओर हो गया है। ऐसे में दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में बारिश फिलहाल मूसलाधार रूप से नहीं होगी। हालांकि खंड वर्षा के रूप में बारिश की मौजूदगी बनी रहेगी। इस तरह गर्मी और उमस से लोगों को अगले कुछ दिनों तक परेशान होना पड़ेगा। चिपचिपाहट भरे पसीने से लोग ज्यादा तंग हो रहे हैं। माना जा रहा है कि अगले सप्ताह तक बरसात होने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून फिर से सक्रिय होगा, तब तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।


अन्य पोस्ट