राजनांदगांव

जीवन मूल्यों को मूल्यवान बनाने जीवन के हर मोड़ पर सीखने की जरूरत
05-Jul-2022 2:56 PM
जीवन मूल्यों को मूल्यवान बनाने जीवन के हर मोड़ पर सीखने की जरूरत

भाजपा के तीन दिनी प्रशिक्षण का सांसद ने किया उद्घाटन

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 5 जुलाई। 
जिला भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को जिला भजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे ध्वजारोहण के साथ पं. शिवकुमार शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि देकर प्रारंभ हुआ। प्रशिक्षण वर्ग की उपादेयता एवं महत्व विषय को प्रतिपादित करते वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख ने कहा कि जीवन मूल्यों को मूल्यवान बनाने जीवन के हर मोड़ पर सीखने की जरूरत होती है। भाजपा कार्यकर्ताओं के बल पर काम करती है, इसलिए समय-समय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण एवं प्रबोधन किया जाता है। हमारी पार्टी परंपरा में ऊपर से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाता है।

भाजपा मीडिया सेल के अनुसार प्रशिक्षण शिविर में सांसद संतोष पांडे ने कहा कि पूरी दुनिया में भारत ही एक ऐसा देश है, जो वसुधैव कुटुंबम की बात करता है। विश्व का कल्याण हो यह हमारी वैचारिक धरोहर है, किंतु यह इस देश के साथ दुर्भाग्य रहा कि आजादी के बाद जिन भारतीय मूल्य की पुनस्र्थापना होनी चाहिए थी। सदियों से चले आ रहे भारतीय सिद्धांतों को अपनाना चाहिए था, उससे देश भटक गया।  उन्होंने कहा कि सदियों से सोए हुए भारतीय स्वाभिमान को नरेंद्र मोदी ने जगा दिया और इसी का परिणाम है कि आज पूरी दुनिया में भारत की जय-जयकार हो रही है। इस सत्र की अध्यक्षता वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष अग्रवाल ने की।

शिविर के प्रारंभ में जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने 3 दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग के संदर्भ में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते कहा कि हम सब समय पर प्रत्येक सत्र में उपस्थित हो, विषय का विस्तार देने के लिए आ रहे विशेषज्ञों से विषय को समझे और अपनी समस्या का समाधान भी प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर के दूसरे सत्र में प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा ने कहा कि भाजपा देश में प्रचलित राजनीतिक दलों से अलग तरह की पार्टी है। हमारे सिद्धांत और विचार तथा कार्यशैली अलग है, जहां से दूसरी पार्टियों के सोच व विचार समाप्त होते हैं, वहां से भाजपा के विचारों का प्रादुर्भाव होता है। इस सत्र की अध्यक्षता  वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश एच. लाल ने की। तीसरे सत्र में  प्रदेश संयोजक रसिक परमार ने कार्यकर्ताओं को वर्तमान समय में मीडिया की उपयोगिता पर विस्तार से बातें बताई और कई उदाहरणों से मीडिया की महत्ता पर विषय रखा।

इस सत्र की अध्यक्षता मजदूर संघ के प्रदेश संगठन मंत्री योगेश दत्त मिश्रा ने की।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता संजय श्रीवास्तव ने चतुर्थ सत्र में पिछले 8 वर्षों में अंत्योदय पहल पर अपने विचार रखते केंद्र में बैठी मोदी सरकार के लिए गए अद्भुत ऐतिहासिक फैसलों को विस्तार से बताया।  इस सत्र की अध्यक्षता भाजपा नेता एवं प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा ने की। पंचम सत्र सांसद विजय बघेल की उपस्थिति में प्रारंभ हुआ। जिसमें उन्होंने 2014 के बाद विश्व में आए युगांतकारी परिवर्तन पर अपने विचार रखे और उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया कि भाजपा की केंद्र में बैठी मोदी सरकार ने किस तरह से भारत में सैद्धांतिक, आर्थिक एवं भौतिक तथा आत्मनिर्भर भारत की कल्पना करते सभी तरह के प्रयास किए और भारत का नाम विश्व में गुंजायमान किया है। इस सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक सरोजनी बंजारे ने की। अंतिम सत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने लेते आत्मनिर्भर भारत पर अपना व्याख्यान दिया और बताया कि भारत अब बदल रहा है। सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधायक संजीव शाह ने की। पूरे प्रशिक्षण सत्र का संचालन जिला महामंत्री सचिन बघेल एवं उपाध्यक्ष सावन वर्मा ने किया।
 


अन्य पोस्ट