राजनांदगांव

केंद्रीय राज्य मंत्री ने ली केन्द्र शासन के योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी, विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण
11-Jun-2022 3:48 PM
केंद्रीय राज्य मंत्री ने ली केन्द्र शासन के योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी, विभिन्न संस्थाओं का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 जून।
सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम केन्द्रीय राज्य मंत्री भारत शासन भानुप्रताप सिंह वर्मा ने शुक्रवार को राजनांदगांव जिले में विभिन्न संस्थाओं का निरीक्षण कर केंद्र शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
राज्य मंत्री श्री वर्मा ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरपुर, शासकीय उचित मूल्य दुकान मोतीपुर, शासकीय अटल बिहारी बाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेंड्री, जीई रोड़ टांकापारा में संचालित खादी ग्रामोद्योग एवं ग्राम पंचायत भोडिय़ा में संचालित अमृत मिशन योजना का निरीक्षण सह अवलोकन किया।

मंत्री वर्मा ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शंकरपुर पहुंचकर यहां चिकित्सा सुविधा की जानकारी ली। उन्होंने यहां संस्थागत प्रसव के संबंध में प्रसव चिकित्सा अधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने यहां पुरूष वार्ड, चिकित्सा केंद्र, फार्मेसी वार्ड का अवलोकन किया। उन्होंने फिजियोथैरेपी प्रभारी से मरीज को उपचार किए जाने वाले चिकित्सा प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने यहां प्रतिदिन आने वाले मरीजों और उपचार के संबंध में भी जानकारी ली। मंत्री वर्मा ने कहा कि मरीज का उपचार सेवा भाव से प्राथमिकता से करें। उन्हें आवश्यक दवाई उपलब्ध कराएं। उन्होंने अस्पताल परिसर में करने और सीताफल का पौधा लगाया। मंत्री ने शासकीय उचित मूल्य दुकान मोतीपुर पहुंचकर हितग्राहियों को वितरण किए जाने वाले राशन के संबंध में दुकान संचालक से जानकारी ली। उन्होंने राशन लेने आए हितग्राही सुनीता यादव और यमुना महिलांगे से बात की। मंत्री ने अपने भ्रमण में अटल बिहारी वाजपेयी स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय पेण्ड्री का भी मुआयना किया। उन्होंने यहां प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि केंद्र में उपलब्ध दवाई की जानकारी ली। उन्होंने यहां ऑक्सीजन प्लांट भी देखा। मंत्री ने पूछा कि यह प्लांट कब से स्थापित किया गया है। मंत्री ने जीई रोड टांकापारा में संचालित खादी ग्रामोद्योग के दुकान का मुआयना किया। उन्होंने यहां दुकान में बिक्री के लिए रखे गए खादी के कपड़ों का अवलोकन किया।

इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी  सीएल मारकण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट