राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 7 मई। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने शुक्रवार को बसंतपुर स्थित जिला अस्पताल पहुंचकर अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने कहा कि जिला अस्पताल आम लोगों के लिए जीवनदायिनी है। अस्पताल में उपलब्ध सुविधा और संसाधन से आम जनता और मरीजों को आसानी से सहज सुविधा मिलती है। उन्होंने अस्पताल में अधोसंरचना और संसाधनों को बढ़ाए जाने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर हमर लैब, ब्लड बैंक, प्रसूति वार्ड, एनआरसी, महिला व पुरुष भर्ती वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में 3 विशेषज्ञ डॉक्टर पैथोलॉजी, गायनोलॉजिस्ट एवं रेडियोलॉजिस्ट की भर्ती से स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान चिकित्सकों से कहा कि नागरिकों को सस्ती और आवश्यक सुविधाएं मिले यह शासकीय अस्पताल के लिए जरूरी विशेषता होती है।
कलेक्टर ने कहा कि कुपोषण एक सामाजिक अभिशाप है। गंभीर कुपोषित बच्चे को सही उपचार करना और पूर्ण स्वस्थ करना इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गंभीर कुपोषित बच्चे के शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देना है। प्रसूति वार्ड के निरीक्षण के दौरान कहा कि महिलाओं के संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देना जरूरी है। इससे शिशुवती माता और बच्चे दोनों की सही देखभाल के साथ-साथ उचित उपचार संभव हो पाता है। कलेक्टर ने ब्लड बैंक पहुंचकर यहां ब्लड स्टोर करने और मरीजों को खून चढ़ाए जाने की तरीके से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी समय में किसी भी मरीज के लिए ब्लड की आवश्यकता होने पर उन्हें ब्लड उपलब्ध कराया जाए।
कलेक्टर ने सिविल सर्जन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से कहा कि अस्पताल में रोज साफ-सफाई रखा जाना चाहिए। इससे मरीजों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलता है। उन्होंने एनआरसी सेंटर जाने वाले रास्ते में पडऩे वाली अस्पताल की दीवाल का रंग रोगन करने कहा। कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में जो भी संसाधन सुविधा की जरूरत हो उसके लिए प्रपोजल तैयार करें।
चिकित्सा सुविधाओं में हुई बढ़ोतरी
जिला अस्पताल राजनांदगांव में चिकित्सा सुविधाओं की बढ़ोतरी करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय में हाल ही में तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है। जिला अस्पताल में गायनिक डिपार्टमेंट रेडियोलॉजिस्ट और हमर लैब में पैथोलॉजिस्ट की नियुक्ति की गई है। जिला अस्पताल में इन विशेषज्ञों की नियुक्ति जिला खनिज न्यास निधि से की गई है। जिला अस्पताल में अब इन विशेषज्ञों की नियुक्ति हो जाने से अनेक सुविधा मरीजों को मिल सकेगी। रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति हो जाने से जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को एक एक्स-रे, सीटी स्कैन की रिपोर्ट अब जल्दी मिल सकेगी।
अस्पताल का सुधरेगा ड्रेनेज सिस्टम
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिला अस्पताल के जीर्णोद्धार और मरम्मत के लिए राज्य शासन से 2 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति मिली है। इसके लिए प्रस्ताव बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यहां माड्यूलर ऑपरेशन थियेटर स्थापित करने 60 लाख रुपए की स्वीकृति मिली है। स्वीकृत राशि से शीघ्र ही माड्यूलर ऑपरेशन थियेटर स्थापित किया जाएगा। अस्पताल को आधुनिक तरीके से मरम्मत के साथ-साथ जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। यहां ड्रेनेज सिस्टम के सुधार के लिए कार्य किया जाएंगे।