राजनांदगांव

श्रीराम कथा सुनने उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़
27-Apr-2022 4:03 PM
श्रीराम कथा सुनने उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़

पांडादाह में 29 तक भक्तिमय आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अप्रैल।
रानी सूर्यमुखी देवी स्मृति समारोह के क्रम में राजगामी संपदा न्यास राजनांदगांव एवं मंदिर सेवा समिति पांडादाह के संयुक्त तत्वावधान में नवगठित खैरागढ़ जिला स्थित धर्मनगरी पांडादाह में श्रीराम कथा का सुमंगल आयोजन किया गया है, जो 29 अप्रैल तक चलेगी। आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं।

पांडादाह में पं. कुलदीप जी महाराज श्रीराम कथा सुना रहे हैं। स्थानीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित श्रीराम कथा का समय प्रतिदिन मध्यान्ह 3.30 से संध्या 7.30 बजे तक है। शनिवार को श्रीराम कथा के शुभारंभ अवसर पर बतौर अतिथि डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल, नवनिर्वाचित खैरागढ़ विधायक यशोदा निलाम्बर वर्मा,जिला सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष नवाज खान, राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक, राजगामी संपदा न्यास समिति सदस्यद्वय रमेश खंडेलवाल व गोवर्धन देशमुख, मुढ़ीपार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू, खैरागढ़ जनपद अध्यक्ष लीला प्रकाश मंडावी, जिला पंचायतत सदस्य घम्मन साहू, समाजसेवी ओम झा, खैरागढ़ जनपद सदस्य अरूणा सिंह, सरपंच मनोरमा यदु समेत अन्य लोग शामिल थे।

श्री रामकथा आयोजन के संबंध में राजगामी संपदा न्यास अध्यक्ष विवेक वासनिक ने बताया कि रानी सूर्यमुखी देवी स्मृति समारोह के अंतर्गत हर वर्ष भव्य आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में इस वर्ष श्रीराम कथा का आयोजन किया गया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मन को शांत करने वाली भगवान श्रीराम के सुमधुर रामकथा के श्रवण हेतु सपरिवार पहुंचकर आयोजन के मंगलपूर्ण उद्देश्य को सफल बनाने की अपील की है।

27 को कविता की प्रस्तुति
श्री वासनिक ने बताया कि कल 27 अप्रैल को अनुराग धारा, राजनंादगांव कविता वासनिक का संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। वहीं 28 अप्रैल को रात्रि 8 बजे विशाल कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसमें पी. अली मीर रायपुर (नंदा जाही कारे), डॉ. पीसी लाल यादव गंडई, मिहिर झा खैरागढ़, अरूण निगम दुर्ग एवं विनय शरण सिंह खैरागढ़ उपस्थित रहेंगे।


अन्य पोस्ट