राजनांदगांव

राजनांदगांव, 13 मार्च। पांच राज्यों में से 4 राज्यों में भाजपा सरकार के बहुमत में आने पर पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते कहा कि इन परिणाम से देश की जनता ने भाजपा की स्पष्टवादी नीतियों पर अपनी मुहर लगाई है और सबका साथ सबका विकास का लक्ष्य लेकर चलने वाली भाजपा अब आने वाले समय में और तेजी से अपनी नीतियों का विस्तार करेगी।
अभिषेक सिंह लखीमपुर खीरी की आठों विधानसभा में भाजपा प्रत्याशियों की बड़ी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते कहा कि उन्होंने 15 दिनों तक अनवरत उस क्षेत्र में रहकर पार्टी का प्रचार-प्रसार किया और नजदीकी से अनुभव भी किया कि वहां की जनता में योगी सरकार की नीतियों के प्रति जुनून देखा गया।
वहां के लोग प्रशासन की कसावट से, माफिया राज खत्म होने से, गुंडाराज समाप्त होने एवं सुशासन आने से प्रसन्नचित थे, इसलिए योगी सरकार की नीतियों एवं केंद्र में बैठी मोदी सरकार की गरीब कल्याण के लिए जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता ने स्पष्ट मुहर लगाई। जिसके कारण 4 राज्यों में भाजपा बड़ी पार्टी के रूप में उभरी और सरकार बनाई। अभिषेक सिंह ने कहा कि इस जीत से भाजपा के कार्यकर्ता उत्साहित हैं और होली के पहले जश्न की होली मना रहे हैं।