राजनांदगांव

यूके्रन में फंसी छात्रा के परिजनों से मिले जंघेल
02-Mar-2022 12:10 PM
यूके्रन में फंसी छात्रा के परिजनों से मिले जंघेल

राजनांदगांव, 2 मार्च। खैरागढ़ के पूर्व विधायक कोमल जंघेल ने गंडई के रात्रे परिवार से मुलाकात कर उनकी सुपुत्री श्रुति रात्रे के यूक्रेन में फंसे हालात के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने श्रुति से वीडियो कॉलिंग के जरिये बातचीत भी की। पूर्व संसदीय सचिव जंघेल ने श्रुति को संयम और हिम्मत रखने के लिए प्रेरित करते चर्चा में कहा कि जल्द ही हालत सामान्य हो जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यूक्रेन में अध्ययनरत चिकित्सकीय विद्यार्थियों की वापसी के लिए भरसक प्रयास कर रहे हैं। इसी कड़ी में देश के कई विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी भी हो गई है। श्रुति के पिता जीवनदास रात्रे से मुलाकात कर श्री जंघेल ने परिवार का हौसला बढ़ाया। उन्होंने श्रुति को भारतीय दूतावास से संपर्क बनाए रखने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के जंग में भारतीय छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा पर केंद्र सरकार की पैनी नजर है। यूक्रेन की सीमा पर बसे देशों से सभी की वापसी कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान प्रकाश जंघेल भी उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट