राजनांदगांव

राजनांदगांव, 24 फरवरी । कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने बुधवार को छुईखदान विकासखंड मुख्यालय के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि स्कूल का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। अब इसकी साज-सज्जा और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। स्कूल आकर्षक लगनी चाहिए। बच्चों को पढ़ाई के लिए सकारात्मक माहौल मिलना चाहिए। इसके लिए खैरागढ़ संगीत कला विश्वविद्यालय के सहयोग से स्कूल की दीवारों पर कलात्मक एवं ज्ञानवर्धक पेंटिंग बनवाने कहा। कलेक्टर ने कहा कि लैब के लिए आवश्यक सामग्री क्रय किया जाए। फर्नीचर, लाईब्रेरी के लिए पुस्तकें तथा अन्य आवश्यक सामग्री स्कूल में व्यवस्थित रखी जाए। उन्होंने स्कूल के सामने स्थित भवन को रंगाई-पोताई और सुधार कार्य कर मध्यान्ह भोजन के लिए उपयोग करने कहा। उन्होंने स्कूल के चारों तरफ पौधरोपण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम छुईखदान सुनील शर्मा, जनपद सीईओ छुईखदान प्रकाश तारम, नायब तहसीलदार नेहा विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।