राजनांदगांव

एसपी के निर्देश पर कार्रवाई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 14 फरवरी। लंबे समय से स्थाई वारंट जारी होने के बावजूद पुलिस पकड़ से दूर रहे आरोपियों के खिलाफ एसपी संतोष सिंह ने धरपकड़ अभियान शुरू किया है। एसपी के निर्देश पर पिछले कुछ दिनों से ताबड़तोड़ कार्रवाई चल रही है। स्थाई वारंट तामिल होने के बावजूद पुलिस की गिरफ्तारी से बचते हुए आरोपी फरार थे। वहीं कुछ आरोपी अपने राजनीतिक और सामाजिक संपर्कों के जरिये गिरफ्तारी से बचने की लंबे समय से कोशिश में थे। आखिरकार एसपी ने कड़ा रूख अख्तियार करते हुए एक अभियान के जरिये 160 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के मुताबिक प्रदेश के डीजीपी अशोक जुनेजा के कड़े निर्देश का पालन करने के लिए समूचे राज्य में फरार वारंटियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। पुलिस को इस अभियान में सफलता भी मिल रही है। राजनांदगांव जिले से 160 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय महादेवा ने बताया कि कई आरोपी 5 साल से भी अधिक फरारी काट रहे थे। 2015 से आज पर्यन्त आरोपी फरार थे, जिन्हें तलाश करने के बाद पकड़ा गया है। एएसपी का कहना है कि दीगर राज्यों में भी कुछ आरोपी फरारी काट रहे हैं। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम भेजी जाएगी। एसपी के निर्देश के बाद एएसपी अन्य अफसरों के साथ स्थाई वारंटी की खोजबीन के लिए अभियान चला रहे हैं।