राजनांदगांव

सीसी मेंबर दीपक के मारे जाने के बाद नांदगांव पुलिस का परवीडीह में बेसकैंप
03-Dec-2021 6:12 PM
सीसी मेंबर दीपक के मारे जाने के बाद नांदगांव पुलिस का परवीडीह में बेसकैंप

गढ़चिरौली-नांदगांव की सरहद पर नक्सलियों को घेरने खुलेगा नया कैंप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 3 दिसंबर।
जिले की सीमा पर पिछले महीने 13 नंवबर को गढ़चिरौली पुलिस से मुठभेड़ में सीसी मेंबर दीपक तिलतुमड़े और 27 जवानों के मारे जाने के बाद राजनांदगांव पुलिस घटनास्थल के नजदीक एक नया बैसकैंप खोलने की तैयारी कर रही है। जिले से सटे मर्दीनटोला में गढ़चिरौली के सुरक्षाबलों ने दीपक को ढेर कर दिया था।

इस घटना के बाद से नांदगांव पुलिस ने भी नक्सल रणनीति में बदलाव करते हुए परवीडीह में नया बेसकैंप खोलने की दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि स्थानीय पुलिस अफसरों ने परवीडीह में नया कैंप खोलने के लिए जगह का चयन भी कर लिया है।

पुलिस सूत्रों का कहना है कि दीपक के मारे जाने के बाद से  पुलिस पर नक्सल क्षेत्र में कामयाबी हासिल करने का मनोवैज्ञानिक दबाव भी बढ़ा है। सूत्रों का कहना है कि नक्सलियों को घेरने के लिए राज्य सरकार एक बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी भी कर रही है। नतीजतन नांदगांव जिले में भी पुलिस को नक्सल मोर्चे में बेहतर नतीजे दिलाने का दबाव भी है। परेवीडीह में नक्सलियों के आवाजाही और गतिविधियों को रोकने के लिए शीर्ष अधिकारियों ने बेसकैंप के लिए उपयुक्त स्थान माना है।

मिली जानकारी के अनुसार परवीडीह में बैसकैंप खुलने से नक्सलियो का ट्रांजिट रूट लगभग बंद हो जाएगा। इस बीच परवीडीह के साथ ही पाटनखास में भी पुलिस कैंप खोलने की तैयारी कर रही है। परवीडीह और पाटनखास का एक बड़ा हिस्सा गढ़चिरौली की सीमा से सटा हुआ है। भौगोलिक रूप से नक्सलियों के लिए यह इलाका सुरक्षित रहा है। मर्दीनटोला में नक्सलियों पर वारकर पुलिस ने उनके ठिकानें को तबाह कर दिया है। वही सीसी मेंबर और साथियों को गोलियों से छलनी कर दिया।


अन्य पोस्ट