राजनांदगांव

जशपुर में दिव्यांग संग रेप की घटना पर नांदगांव में महिला मोर्चा का धरना
01-Oct-2021 3:54 PM
जशपुर में दिव्यांग संग रेप की घटना पर नांदगांव में महिला मोर्चा का धरना

 जिलाध्यक्ष किरण साहू ने कहा कांग्रेस सरकार में नारियां सुरक्षित नहीं 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 1 अक्टूबर।
जशपुर में एक दिव्यांग के साथ रेप की घटना के साथ-साथ प्रदेशभर में हो रही नारियों पर अत्याचार के मामले में राजनांदगांव जिला भाजपा महिला मोर्चा ने शुक्रवार को धरना देते कांग्रेस सरकार में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए। स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर के सामने महिला मोर्चा ने धरना देते आरोप लगाया कि प्रदेश की महिलाएं कांग्रेस सरकार में असुरक्षित महसूस कर रही है। जिसका ताजा उदाहरण जशपुर में एक दिव्यांग युवती के साथ हुई घटना है। इससे साफ हो गया कि कांग्रेस सरकार महिलाओं को सुरक्षा देने में नाकाम रही है।

जिलाध्यक्ष  किरण साहू ने कहा कि कांग्रेस सरकार  सुरक्षा देने के मामले में फिसड्डी साबित हुई है। प्रदेश में बलात्कार और दूसरी हिंसा घटना महिलाओं के लिए परेशानी का कारण बन गई है। उन्होंने कहा कि  भूपेश सरकार से महिलाओं का मोहभंग हो गया है। इसलिए ऐसे घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने और सरकार से सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। इससे पहले महिलाओं की सुरक्षा को पुख्ता बनाए जाने की मांग लेकर मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की। 

वहीं महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता खुबचंद पारख, सचिन बघेल, दिनेश गांधी की उपस्थिति में जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान डॉ. रेखा मेश्राम, मिथलेश्वरी वैष्णव, मधु बैद, पारूल जैन, पूर्णिमा साहू समेत अन्य महिला कार्यकर्ता शामिल थी।
 


अन्य पोस्ट