रायपुर
रायपुर, 4 जुलाई। कोरोना और म्यूकरमाइकोसिस के इलाज में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) नितिन एम. नागरकर और अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रो. नागरकर ने कहा कि एम्स भविष्य में भी किसी भी महामारी की चुनौती का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। नारी विकास समिति, बीरगांव की ओर से आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में अध्यक्ष पद्मा चंद्राकर ने समिति की ओर से सभी चिकित्सकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि समिति के एक ही कॉल पर एम्स के चिकित्सकों ने कई गंभीर रोगियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई।
कोविड-19 और ब्लैक फंगस के रोगियों के इलाज में भी एम्स ने देशभर में अग्रणी भूमिका निभाई जिससे प्रदेश में मृत्युदर काफी नियंत्रित रही। उन्होंने इसके लिए सभी को साधुवाद दिया। इस अवसर पर समिति की सदस्यों ने प्रो. नागरकर को शॉल ओढ़ाकर और नारियल भेंटकर सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त कोविड वार्ड के नोडल अधिकारी डॉ. अजॉय बेहरा, प्रो. नंद किशोर अग्रवाल, डॉ. नितिन बोरकर, डॉ. त्रिदिप बरूआ, एएनएस वेदीवलन एम. और निदेशक कार्यालय के मौलीचंद शर्मा, शिवानंद उपाध्याय, रंजन, तुलाराम, सैयद शादाब आदि का भी सम्मान किया गया। समिति की ओर से प्रमिता सिंह, हेमलता वर्मा और माया पाठक उपस्थित थी।
प्रो. नागरकर ने कहा कि एम्स भविष्य में भी महामारी और अन्य बीमारियों के इलाज में भी अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
एम्स में एआई पर सीएमई आज
एम्स में रविवार को आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस इन हैल्थ केयर विषय पर सीएमई रविवार को आयोजित की जाएगी। इसमें देशभर के चिकित्सक ऑन लाइन और ऑफ लाइन माध्यम से एआई के चिकित्सा जगत में बढ़ते अनुप्रयोग पर व्याख्यान देंगे। आयोजन सचिव प्रो. आलोक अग्रवाल ने बताया कि सीएमई के लिए 120 से अधिक रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। सीएमई में प्रमुख रूप से आर्थो, न्यूरो सर्जरी, हार्ट डिजीज आदि में एआई की मदद से अत्याधुनिक चिकित्सा प्रदान करने के बारे में चर्चा की जाएगी।