रायपुर

कोरोना वैक्सीन जीवन के लिए संजीवनी बूटी-उइके, ऑनलाईन जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुईं राज्यपाल
28-Apr-2021 5:58 PM
कोरोना वैक्सीन जीवन के लिए संजीवनी बूटी-उइके, ऑनलाईन जागरूकता कार्यक्रम में शामिल हुईं राज्यपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर/दुर्ग, 26 अप्रैल। कोरोना वैक्सीन जीवन के लिए संजीवनी बूटी बन गया है।  विश्व के सबसे युवा देश के युवा वर्ग को आगे आकर स्वविवेक से वैक्सीन लगाना चाहिए। उक्त बातें राज्यपाल अनुसुईया उइके ने हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग द्वारा बुधवार को दोपहर कोरोना संक्रमण रोकथाम संबंधित ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम ‘कोरोना से डरो ना - वैक्सीन है ना’ वर्चुअल आयोजन के दौरान कहीं।

उनके द्वारा वैक्सीन लगाने संबंधित स्वरचित स्लोगन भी जारी किया गया जो इस प्रकार है -कोरोना से डरो नहीं लड़ो, वैक्सीन लगाओ जान बचाओ। विश्वविद्यालय द्वारा विश्वविद्यालय में अध्ययनरत 2 लाख 1 हजार विद्यार्थियों को केंद्र सरकार के कोराना प्रोटोकॉल से संबंधित संदेश देने के लिए आज ही पोर्टल बनाया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से कोरोना से सुरक्षा बचाव एवं टीकाकरण के संदेशों को भेजते हुए राज्यपाल द्वारा पोर्टल का शुभारंभ किया गया।

राज्यपाल उइके ने कोरोना जागरूकता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बैठक में उनके द्वारा उच्च शिक्षा संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थी वर्ग के लिए कोरोना के जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विचार रखे थे। जिस पर अमल करते हुए राज्यपाल ने राज्य के सभी निजी एवं शासकीय विश्वविद्यालयों को पत्र भेजा गया था। इस पत्र पर सबसे पहले हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग के द्वारा अमल करते हुए तत्काल कोरोनावायरस वैक्सीन है ना  जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसके लिए मैं विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. अरुणा पलटा एवं उनकी पूरी टीम को बधाई देती हूं। देश में कोरोनावायरस का संक्रमण भयावह स्थिति में है। पूर्व में वैक्सीन को लेकर भ्रम की स्थिति उत्पन्न की गई थी और जिनके द्वारा यह स्थिति उत्पन्न की गई, उसके कारण कई परिवार आज परेशानी में हैं। कोरोना की दोनों ही वैक्सीन देश के लिए संजीवनी बूटी बन गई है । यह मानवीय जीवन के लिए उपयोगी है। उन्होंने युवा वर्ग से अपील की कि अफवाहों पर ध्यान ना देते हुए बल्कि अच्छे नागरिक का परिचय देते हुए वैक्सीन लगवाएं। 

स्वागत भाषण देते हुए कुलपति डॉ. अरुणा पलटा ने कहा कि  कोरोना बीमारी पर उचित भोजन एवं मनोबल बनाए रखते हुए आसानी से जंग जीती जा सकती है। सकारात्मक सोच ही कोरोना के खिलाफ सबसे बड़ी औषधि है।

आमंत्रित वक्ताओं में पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज रायपुर के प्राध्यापक डॉ. अरविंद नेरल ने कहा कि वैक्सीन शरीर में लगने के बाद प्रतिरोधक शक्ति बढ़ाता है। दोनों ही वैक्सीन समान है और दूसरा डोज लगने के बाद ज्यादा असरकारक है। शरीर में ज्यादा एंटीबॉडी बनाते हैं दोनों ही वैक्सीन सुरक्षित है परंतु वैक्सीन लगने के बाद भी कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया जाना जरूरी है।

डॉ. अरविंद के द्वारा राज्यपाल द्वारा पूछे गए प्रश्न संक्रमण के बाद भी वैक्सीन लगवा सकते के प्रत्युत्तर में कहा कि संक्रमण के बाद भी वैक्सीन लगाया जा सकता है। साथ ही उनके द्वारा कार्यक्रम के दौरान पूछे गए सभी सवालों का जवाब दिया गया।

कोरोना संस्मरण प्रस्तुतकर्ता सीनियर एडवोकेट दिवाकर सिन्हा नए संक्रमण के पश्चात किस प्रकार उनके द्वारा परिस्थितियों का सामना करते हुए कोरोना के खिलाफ जीती गई जंग का विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव एवं आभार प्रदर्शन विश्वविद्यालय के एनएसएस विंग के समन्वयक डॉक्टर आरपी अग्रवाल ने किया। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सी एल देवांगन भी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट