रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति और 500 से अधिक किसान संगठनों के साझे मोर्चे संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर छत्तीसगढ़ में भी छत्तीसगढ़ किसान आंदोलन और छत्तीसगढ़ किसान सभा सहित इससे जुड़े अन्य घटक संगठनों ने भारत बंद का समर्थन करते हुए चक्काजाम और धरना देकर प्रदर्शन किया। किसान नेताओं ने बताया कि इस आंदोलन के अगले चरण में 28 मार्च को तीनों किसान विरोधी कानूनों और मजदूर विरोधी श्रम संहिता की होली जलाई जाएगी।
छत्तीसगढ़ किसान आंदोलन के संयोजक सुदेश टीकम, आलोक शुक्ला, संजय पराते, नंद कश्यप, रमाकांत बंजारे आदि ने बताया कि सैकड़ों किसानों ने कल कोरबा जिले के हरदी बाजार में किसान सभा नेता जवाहर कंवर, प्रशांत झा, मोहम्मद हुसैन, वीएम मनोहर, नंदलाल कंवर आदि के नेतृत्व में बिलासपुर-कोरबा मार्ग पर दो घंटे तक चक्काजाम किया। आंदोलन में किसान सभा राज्य अध्यक्ष संजय पराते भी शामिल हुए।
उनकी मांगों में तीनों कृषि विरोधी कानूनों को वापस लेने, सी-2 लागत का डेढ़ गुना न्यूनतम समर्थन मूल्य देने का कानून बनाने, पेट्रोल-डीजल-गैस की कीमतों को आधा करने, मजदूर विरोधी श्रम संहिता को वापस लेने तथा बैंक-बीमा-कोयला-रेलवे जैसे देश के सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के निजीकरण की मुहिम पर रोक लगाने प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सरगुजा और सूरजपुर में पांच स्थानों पर ऋषि गुप्ता, बालसिंह, कपिल पैकरा, कृष्ण कुमार लकड़ा व बिफन नागेश के नेतृत्व में धरना दिया गया और अडानी-अम्बानी-मोदी के पुतले जलाए गए। राजनांदगांव में जिला किसान संघ के नेता सुदेश टीकम और सीटू नेता गजेंद्र झा के नेतृत्व में बंद कराने निकले मजदूर-किसानों के जत्थे को पुलिस ने रास्ते में ही रोक लिया। दुर्ग-बेमेतरा जिला किसान संघ के रमाकांत बंजारे के नेतृत्व में धमधा में सैकड़ों किसानों ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ किसान आंदोलन के नेताओं ने कहा है कि हमारे देश के किसान न केवल अपने जीवन-अस्तित्व और खेती-किसानी को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं, बल्कि वे देश की खाद्यान्न सुरक्षा, सार्वजनिक वितरण प्रणाली तथा संप्रभुता की रक्षा के लिए भी लड़ रहे हैं।