रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 27 मार्च। राजधानी रायपुर के धनेली व गुढिय़ारी क्षेत्र में आज 8 नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इन जोनों में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंचकर घर-घर जांच में लगी है। वहीं निगम टीम नाली-सडक़ों की सफाई के साथ यहां सेनिटाइज कर रही है। साथ ही जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
कोरोना संक्रमण बढऩे पर रायपुर में नए-नए कंटेनमेंट जोन बनने लगे हैं। प्रशासन की ओर से ज्यादा संक्रमित मिलने पर आज धनेली को कंटेनमेंट जोन बनाते हुए यहां लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। बहुत ही जरूरी होने पर लोगों को बाहर जाने की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए मौके पर मौजूद पुलिस टीम रोड बंद कर सख्ती बरतने में लगी है। जरूरी किराना व अन्य सामानों की सप्लाई ऑनलाइन कराई जा रही है।
इसी तरह गुढिय़ारी के नया तालाब, गांधीनगर, बड़ा अशोकनगर, छोटा अशोक नगर, दीक्षा नगर, सुखराम नगर, मुर्रा भट्टी नए कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां भी इसी तरह लोगों की आवाजाही पर रोक लगाते हुए जांच-सफाई की जा रही है। नालियों में ब्लीचिंग पाउडर डालकर सेनिटाइज भी कराए जा रहे हैं। निगम अधिकारी का कहना है कि कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए जरूरी सभी उपाय किए जा रहे हैं और लोगों को नियमों का पालन करने पर जोर दिया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले हीरापुर के अविनाश प्राईड, चंगोराभाठा, अमलीडीह न्यू राजेंद्र नगर कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।