रायपुर
गवर्निंग बॉडी की बैठक में हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 मार्च। एम्स गवर्निंग बॉडी की बैठक में सांसद सुनील कुमार सोनी शुक्रवार को आयोजित एम्स गवर्निंग बॉडी की बैठक में शामिल हुए। श्री सोनी ने राज्य में प्रतिदिन कोरोना के लगभग ढाई हजार केस आने पर चिंता व्यक्त करते एम्स में अधिक से अधिक बेड और सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही केन्द्र सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ को प्रदाय किए गए वेन्टीलेटर का उपयोग राज्य सरकार द्वारा अधिक से अधिक किये जाने के दिशा-निर्देश जारी किया गया।
बैठक में गवर्निंग बॉडी एम्स के एजेंण्डा पर विस्तृत चर्चा की गई, और एजेण्डा अनुसार एम्स रायपुर में संविदा आधार पर सहायक प्राध्यापक की नियुक्ति को अनुमोदित किया गया साथ ही एम्स रायपुर में संचालित रोगी कल्याण समिति को और अधिक सरलीकृत किए जाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई। इसके साथ ही केन्द्र सरकार की राष्ट्रीय आरोग्य नीति के तहत बीपीएल परिवारों के इलाज के संबंध में सार्थक चर्चा की गई। उन्होंने विगत 1 वर्ष में कोरोना महामारी के दौरान एम्स प्रबंधन द्वारा किए गए प्रयास और व्यवस्थाओं की तारीफ भी की।
श्री सोनी ने अपने द्वारा एक माह पूर्व लिखे पत्र का जिक्र करते हुए एम्स रायपुर में विभिन्न सुविधाएं जैसे कि न्यूरो सर्जरी विभाग के लिए गामा नाईफ रेडियो सर्जरी मेडिकल एक्यूपमेंट, विश्व स्तरीय रोबिटिक सर्जिकल सिस्टम प्रारंभ किए जाने से यूरोलॉजी, ईएनटी, जनरल सर्जरी, स्त्री रोग एवं कार्डियो थोरोसिस की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी, आईवीएफ के लिए सर्वसुविधायुक्त सेटअॅप की स्वीकृति होने से निसंतान दंपतियों को सुविधा प्राप्त हो सकेगी। इस संबंध में अतिरिक्त सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, भारत सरकार से पूर्व में डॉ. हर्षवर्धन, केन्द्रीय मंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को प्रेषित पत्र की समीक्षा की गई।
उक्त बैठक में प्रोफेसर डॉक्टर जार्ज ए. डिजूजा, डीन सेंट जॉन मेडिकल कॉलेज बैंगलोर अध्यक्ष गवर्निंग बॉडी, अतिरिक्त सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग नई दिल्ली, प्रोफेसर भारत भास्कर निदेशक आईआईएम रायपुर, डॉक्टर सुधीर सिंह प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष मेडिकल कॉलेज चंडीगढ़, प्रोफेसर डॉक्टर नितिन एम. नागरकर निदेशक एम्स रायपुर, डीन एक्स रायपुर, सदस्य उपस्थित थे।