रायपुर

डकैती में इजाफा, हत्या-लूट में कमी, दो साल में साढ़े 4 हजार रेप के प्रकरण दर्ज
14-Mar-2021 5:45 PM
 डकैती में इजाफा, हत्या-लूट में कमी, दो साल में साढ़े 4 हजार रेप के प्रकरण दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 मार्च। प्रदेश में डकैती की घटनाओं में इजाफा हुआ है।  बताया गया कि वर्ष 2019-20 में डकैती की 57 घटनाएं हुई थी। यह बढक़र वर्ष 2020-21 में 76 हो गई। अलबत्ता, हत्या-लूट आदि घटनाओं में थोड़ी कमी आई है।

सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठा रही है। पुलिस को फ्री हैंड दिया गया है। पुलिस का दावा है कि जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए जरूरी कार्रवाई हो रही है। इन सबके बावजूद  प्रदेश में डकैती की घटनाएं बढ़ी हैं।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2019-20 में प्रदेश में 958 हत्याएं हुई थीं। वर्ष 2020-21 में 870 हत्याएं हुई है। इसी तरह पुलिस थानों में हत्या के प्रयास के 654 प्रकरण वर्ष 2019-20 में दर्ज किए गए, तो वर्ष 2020-21 में हत्या के प्रयास के 627 प्रकरण दर्ज किए गए।

बताया गया कि वर्ष 2019-20 में रेप की 2609 वारदात हुई है, तो वर्ष 2020-21 में 2330 प्रकरण दर्ज किए गए। कुल मिलाकर दो साल में 4939 रेप के प्रकरण दर्ज किए गए। इससे परे वर्ष 2019-20 में 7473 चोरी की घटनाएं हुई, तो वर्ष 2020-21 में 5389 चोरी की घटनाएं हुई है।

प्रदेश में लूटपाट के प्रकरणों में थोड़ी कमी आई है। वर्ष 2019-20 में  441 लूटपाट के प्रकरण दर्ज किए गए। जबकि वर्ष 2020-21 में लूटपाट के 414 प्रकरण ही दर्ज किए गए। कुल मिलाकर 855 लूटपाट के मामले दर्ज किए गए हैं।

 


अन्य पोस्ट