रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मार्च। निगम जोन 4 के सिविल लाईन वार्ड 47 का सफाई ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। यह कार्रवाई ठेकेदार आरव्ही कंस्ट्रक्शन द्वारा ठेका नियम व शर्तों का उल्लंघन करने पर की गई।
महापौर एवं निगम कमिश्नर के निर्देश पर जोन कमिश्नर लोकेश चंद्रवंशी ने यह कार्रवाई की। श्री चंद्रवंशी ने बताया कि सिविल लाईन वार्ड 47 के सफाई कार्य के लिए आरव्ही कंस्ट्रक्शन रायपुर को 31 अगस्त 2020 को ठेका दिया गया था। कार्यादेश के अनुसार अनुबंधित सफाई ठेकेदार को रोज 35 कर्मचारी सफाई कार्य हेतु उपलब्ध कराने थे, लेकिन मौके पर कम कर्मी पाए गए।
उन्होंने संबंधित ठेकेदार को 17 सितंबर 2020, 19 फरवरी 2021, 23 फरवरी 2021 को नियमानुसार 3 नोटिस जारी किया। इस दौरान ठेकेदार द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने पर 28 फरवरी व्यक्तिगत रूप से समझाईश दी गई। इसके बाद भी सफाई कर्मचारी उपलब्ध नहीं कराने पर ठेका निरस्त करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा है कि दूसरे वार्डों में भी सफाई ठेका में गड़बड़ी करने पर इसी तरह कार्रवाई की जा सकती है।