रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 फरवरी। राजधानी रायपुर से लगे सेजबहार बस्ती में बीती रात लाखों की चोरी और आगजनी हो गई। अज्ञात चोर, एक फर्नीचर कारोबारी के घर का ताला तोड़ आलमारी में रखे करीब 3 लाख के नगदी-जेवर लेकर भाग गए। इस दौरान चोरों ने घर से लगे गोदाम में आग लगा दी, जिससे करीब 10 लाख के फर्नीचर जलकर राख हो गए। मुजगहन पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में लगी है। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक सेजबहार बस्ती निवासी, पायल फर्नीचर के मालिक राजेश जांगड़े कल अपने परिवार के साथ कहीं शादी कार्यक्रम में गया था। इस दौरान बीती रात में अज्ञात चोर ताला तोडक़र उसके घर घुस गए। चोरों ने यहां घर की आलमारी में रखे डेढ़ लाख नगद व डेढ़ लाख के सोने-चांदी के जेवर को पार कर दिया। इसके बाद बाकी सामानों को इधर-उधर फेंकते हुए घर से लगे गोदाम तक पहुंच गए।
बताया गया कि चोरों ने यहां फर्नीचर, गद्दे व अन्य सामानों को पार करने के बजाए आग लगा दी। रात करीब 12 बजे घर एक नौकर रखवाली के लिए कारोबारी के घर पहुंंचा, तो यहां गोदाम में धुंआ देख हड़बड़ा गया। उसने तुरंत अपने मालिक को फोन लगा घटना की जानकारी दी। कारोबारी, शादी कार्यक्रम से वापस यहां पहुंचा, तब तक गोदाम में रखे करीब 10 लाख के फर्नीचर जलकर राख हो गए थे। घर की जांच करने पर पता चला आलमारी से नगदी-जेवर पार हो गए हैं।
मुजगहन पुलिस मौके पर पहुंचकर घटना की जांच में लगी है। उनका मानना है कि व्ययवसायिक प्रतिस्पर्धा के चलते चोरी-आगजनी की घटना सामने आई है। आरोपी गांव या आसपास के हो सकते हैं। पुलिस फिलहाल अलग-अलग ढंग से जांच में लगी है। आरोपी पकड़ से बाहर है।