रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवंबर। राजधानी में शुक्रवार को मौसम के बदले मिजाज ने त्योहारों की रौनक फीकी कर दी। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के प्रभाव से तडक़े से ही बारिश का दौर शुरू हो गया, जो रुक-रुककर जारी रहा। बारिश के चलते दिन और रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम का असर बाजारों में भी देखने को मिला। देवउठनी एकादशी के मद्देनजर शहर में सजे गन्ने के बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम रही और कारोबार प्रभावित हुआ।
देवउठनी एकादशी पर गन्ने का विशेष महत्व होता है। इस अवसर पर लोग पूजा-पाठ और धार्मिक परंपराओं के लिए गन्ने सहित अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी करते हैं। त्योहार को देखते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में गन्ने की दुकानें सज गई हैं, लेकिन लगातार बारिश के कारण खरीदार बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
इससे गन्ना कारोबारियों को ग्राहकी कम होने से नुकसान की आशंका है। आमतौर पर त्योहार के पहले बाजारों में होने वाली चहल-पहल इस बार बारिश के चलते फीकी नजर आई।