रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवम्बर। राजधानी के तेलीबांधा और धरसीवां इलाके के दो मकानों में चोरों ने सेंधमारी कर दी। चोर डॉक्टर के घर से 87 हजार के जेवर और दूसरी जगह में घर में रखा टीवी ले गए। वहीं एक चोर घर में छूपा था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पहली घटना अवंति विहार में एक डॉक्टर के घर चोरी सामने आई है। डॉक्टर स्नेहिल परिवार के साथ वाराणसी गए थे, जब वापस लौटे तो घर का मेन गेट टूटा मिला। घर की तलाशी लेने पर छत की सीढिय़ों के पास एक संदिग्ध व्यक्ति छिपा हुआ मिला, जिसके पास चाकू भी था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया। डॉक्टर स्नेहिल 18 नवंबर को दोपहर परिवार के साथ घर में ताला लगाकर वाराणसी गए थे। 20 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे जब वे वापस लौटे तो बाहर बाउंड्री गेट पर ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर के मेन गेट का ताला टूटा मिला। घर में किसी के घुसे होने की आशंका पर उन्होंने डायल 112 को सूचना दी।
सूचना पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ घर के अंदर तलाशी लेने पर छत की सीढि़य़ों के पास एक व्यक्ति छिपा हुआ मिला। उसके पास चाकू था और वह पुलिस को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था। जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
इसके बाद डॉक्टर ने घर की जांच की तो आलमारी का लॉकर टूटा मिला। आलमारी से सोने की चेन, चांदी के 12 बेलपत्र, करीब 1500 से 2000 रुपये नगद, 700 से 800 रुपये के सिक्के और लेडीज घड़ी गायब मिली। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 87 हजार रुपये बताई गई है।
उधर धरसींवा के सिलयारी ग्राम खौना में अज्ञात चोर ने मकान का ताला तोडक़र अंदर रखे टीवी को चोरी कर ले गया। चोरी गए सामान की कीमत 20 हजार रुपये बताई गई है। इसकी शिकायत ग्राम छतौद निवासी देवनाथ बंजारे ने की। देवनाथ 15 नवंबर को शाम 5 बजे खेत में लगी फसल देखने के बाद मकान में ताला लगाकर अपने गांव छतौद लौट गए थे। 17 नवंबर को सुबह 10.30 बजे जब वे वापस खौना स्थित मकान पहुंचे तो एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला।
अंदर जाकर देखने पर दीवार पर लगा टीवी गायब था। असपास पूछताछ के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिली। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।