रायपुर
रायपुर, 20 नवंबर। छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। लोक शिक्षण संचालनालय ने इसके लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी किया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 की शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे।
आवेदन निर्धारित प्रारूप में व्यक्तिगत रूप से अथवा पंजीकृत डाक से संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा के कार्यालयों में जमा किए जा सकेंगे। इसके लिए बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा संभाग के कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। कार्यालयीन दिवसों में सुबह 10 से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार होंगे। अन्य कार्यालयों में जमा आवेदन मान्य नहीं होंगे।
अभ्यर्थियों को प्रत्येक जिले या संभाग के लिए अलग-अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं है। एक ही आवेदन सभी जिलों और संभागों में विज्ञापित पदों के लिए मान्य होगा। शैक्षणिक योग्यता, पात्रता और भर्ती की अन्य शर्तों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर उपलब्ध है। मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और अन्य सूचनाएं भी इसी वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।