रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवंबर। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने कहा कि वे जीवन में जो भी कार्य करें, पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि उससे समाज और राष्ट्र का हित हो।
राज्यपाल आज लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में मेरा युवा भारत (रूङ्घ क्चद्धड्डह्म्ड्डह्ल), रायपुर द्वारा आयोजित ‘वंदे मातरम् राज्य युवा शिविर’ में विभिन्न राज्यों से आए युवा स्वयंसेवकों से संवाद किया ।17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर में महाराष्ट्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, तेलंगाना और जम्मू-कश्मीर के युवा भाग ले रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, परंपराओं और विचारों को जानने-समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें आपसी सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह गीत मातृभूमि के प्रति प्रेम, समर्पण और राष्ट्रीय गौरव की भावना का प्रतीक है।
राज्यपाल ने युवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में जाने के लिए प्रेरित किया। गांवों में भी विकास और रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को गांवों में जाकर वहां की जरूरतों को समझना चाहिए और स्थानीय स्तर पर रोजगार तथा विकास के नए अवसर तलाशने चाहिए। गांवों को प्राथमिकता देकर किए गए प्रयास विकसित भारत के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतिभाशाली युवा स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। मेरा युवा भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी ने शिविर के उद्देश्यों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना सहित मेरा युवा भारत के अधिकारी, स्वयंसेवक तथा विभिन्न राज्यों से आए युवा प्रतिभागी उपस्थित थे।