रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवम्बर। भारत सरकार द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को चार पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। केन्द्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ ही तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का चयन राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए किया गया है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 नवम्बर को आयोजित समारोह में ये पुरस्कार दिए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री नगरीय प्रशासन एवं विकास अरुण साव ने तीनों नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य के साथ बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा का राष्ट्रीय स्तर पर चयन नगरीय निकायों के बेहतर कार्यों और पथ विक्रेताओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस महत्वाकांक्षी योजना से छोटे व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल रहे हैं। यह सम्मान हमारे नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।