रायपुर

पहले किराया फिर निवेश का लालच देकर महिला से 33 लाख की धोखाधड़ी
17-Nov-2026 6:23 PM
पहले किराया फिर निवेश का लालच देकर महिला से 33 लाख की धोखाधड़ी

अवेना कंपनी के संचालक पर एफआईआर

ऑनलाइन प्लेटफार्म पर जमीन, मकान रेंट पर लेने का झांसा दिया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 नवम्बर। प्रापर्टी में निेवेश और रेंट से मुनाफा का झांसा देकर  28. 55 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। घटना मुजगहन थाना इलाके के ग्रीन विले सिटी बोरियाकला की है। ज्योति सोनी की शिकायत पर पुलिस ने कथित अवेना कम्पनी के ऋतिक अग्रवाल, अर्जुन अरोरा और अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ज्योति सोनी ने बताया कि मार्च 2026 में उसके इंस्टाग्राम पर अवेना कंपनी का विज्ञापन आया था। जिसके बाद उसने दिए गए नम्बर पर कॉल कर कम्पनी के प्रतिनिधियों से बातचीत की थीं। बातचीत के दौरान आरोपियों ने खुद को प्रॉपर्टी रेंटल कारोबार से जुड़ा होना बताया। जमीन, मकान और दुकान को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन के जरीए लोगों को मकान दिलाता है। इसके एवज में मकान, जमीन के मालिकों को किराए की रकम देता है। ज्योति ने उनकी बातों में आकर मकान किराए के लिए एप के माध्यम से विज्ञापन दिया था। जिसके बाद शुरुआत में दो महीने तक उसे उसका किराया ऑनलाइन माध्यम से दिया जाता रहा। जिससे ज्योति सोनी को उसकी बातों पर भरोसा हो गया।

इसके बाद कंपनी के प्रतिनिधियों ने संपत्तियों के सिक्योरिटी डिपॉजिट के लिए निवेश करने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले नियमित लाभ देने का आश्वासन दिया गया। पीडि़ता ने मई और जून में अलग-अलग किस्तों में पहले 10 लाख रुपये निवेश किए। कंपनी की ओर से मई, जून और जुलाई में लाभ की रकम भी दी गई। इसके बाद भोपाल, देहरादून, नासिक, भीमताल, गोवा और जयपुर में संपत्तियां लेने तथा उनके मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने की बात कहकर अतिरिक्त रकम निवेश कराई गई। इस तरह अज्ञात व्यक्ति ने उससे  28 लाख 55 हजार रुपये बैंक में जमा करा लिए।

ज्योति ने बताया कि बाद में निवेश के बदले एग्रीमेंट और कंपनी का सिक्योरिटी चेक मांगने पर प्रतिनिधि टालमटोल करने लगे। कम्पनी के बारे में पूछताछ करने पर पता चला कि जिन संपत्ति मालिकों को सिक्योरिटी डिपॉजिट देने की बात कही गई थी, उनमें से कुछ को कथित तौर पर रकम दी ही नहीं गई। रकम वापस मांगने पर भी कोई जवाब नहीं दिया गया।

फोन पर अजय अग्रवाल के नाम से बातचीत करने वाला व्यक्ति वास्तव में कंपनी का निदेशक ऋतिक अग्रवाल है, जबकि आर्यन नाम से संपर्क करने वाला व्यक्ति अर्जुन अरोरा बताया गया है। आरोपियों ने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर अलग-अलग नामों से बातचीत की और विश्वास जीतकर रकम हासिल की।

मामले में निवेश की रकम के अलावा पीडि़ता ने पिछले तीन महीने का करीब 4 लाख 63 हजार रुपये किराया भी बकाया बताया है। इस तरह उनको करीब 33 लाख 18 हजार रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। जब आरोपियों से पैसा वापस मांगे गए तो टालमटोल करने लगे। कुछ के फोन भी बंद आने लगे। ठगी होने के शक में ज्योति ने इसकी शिकायत कल शाम मुजगहन थाना में दर्ज कराई है। पुलिस ने  शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों और मोबाइल नम्बर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।


अन्य पोस्ट