रायपुर

नक्सलवाद खत्म होने के बाद बस्तर के दुर्गम इलाकों में 174 करोड़ से बने 24 पुल
17-Nov-2026 6:22 PM
नक्सलवाद खत्म होने के बाद बस्तर के दुर्गम इलाकों में 174 करोड़ से बने 24 पुल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 नवंबर। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद बस्तर संभाग के दूरस्थ और दुर्गम इलाकों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ ली है। कांकेर जिले में सडक़ संपर्क मजबूत करने के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा वृहद पुलों का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 174 करोड़ रुपये की लागत से 24 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। वहीं, 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 पुल निर्माणाधीन हैं और 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को मंजूरी दी गई है।

कांकेर के सर्वाधिक नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शामिल कोयलीबेड़ा से पखांजूर मार्ग पर वालेर नदी में 20 करोड़, मेढक़ी नदी में 12 करोड़ और महला नदी में 6.50 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए गए हैं। इसी तरह भैंसगांव से आतुरबेड़ा मार्ग पर मेढक़ी नदी में 9.86 करोड़ रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण किया गया है। इन पुलों से जिले के करीब 210 गांवों की 1.68 लाख आबादी को विकासखंड, तहसील और जिला मुख्यालय तक बारहमासी आवागमन की सुविधा मिली है।

कुछ महीनों में 61 करोड़ के 9 पुल पूरे

नक्सल समस्या समाप्त होने के बाद पुल निर्माण कार्यों में और तेजी आई है। पिछले कुछ महीनों में ही 61 करोड़ रुपये की लागत से 9 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण पूरा किया गया है। इनमें करेगांव-मंडगांव मार्ग पर 7.46 करोड़, बांसपत्तर-तिरियारपानी मार्ग पर 4.58 करोड़, टुरी नदी पर 4.50 करोड़ तथा कापसी (पीवी-130)-पखांजूर मार्ग पर त्रास नाला में 6.57 करोड़ रुपये की लागत से बने पुल शामिल हैं। इनके बनने से 80 गांवों की करीब 56 हजार आबादी को सालभर आवागमन की सुविधा मिली है। इससे शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, कृषि और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय संपर्क होगा मजबूत

कांकेर और नारायणपुर के दूरस्थ इलाकों में अंतरराज्यीय संपर्क मजबूत करने के लिए भी पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। मरबेड़ा-सितरम मार्ग पर कोटरी नदी में 19 करोड़, कोयलीबेड़ा-दुता मार्ग पर मेढक़ी नदी में 10 करोड़ तथा ताड़ोकी-बैहासाल्हेभाट मार्ग पर मेढक़ी नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा सोनपुर-नारायणपुर मार्ग पर बेचाघाट में कोटरी नदी पर 17 करोड़ रुपये की लागत से वृहद पुल का निर्माण जारी है।

इनके पूरा होने से दुर्गम इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ महाराष्ट्र से अंतरराज्यीय आवागमन भी सुगम होगा।

140 करोड़ के 19 पुल निर्माणाधीन, 10 नए को मंजूरी

ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य जिला मार्गों, राज्य मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोडऩे के लिए 140 करोड़ रुपये की लागत से 19 उच्च स्तरीय पुलों का निर्माण जारी है। इसके अलावा 92 करोड़ रुपये की लागत से 10 नए पुलों को स्वीकृति दी गई है। इनमें राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा नदी में 6 करोड़, मरोड़ा-बेलगांव-छोटेबिटिया मार्ग पर बेलगांव नाला में 4 करोड़, भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में 5.50 करोड़, कोदाभाट-माटवाड़ा-मोदी मार्ग पर दूध नदी में 16 करोड़, सटेली-डांगरा मार्ग पर खंडी नदी में 12 करोड़ तथा हाटकर्रा-कोटगांव मार्ग पर चिनार नदी में 6 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से ग्रामीण अंचलों में बारहमासी संपर्क सुविधा मजबूत होने के साथ विकास की नई संभावनाएं खुलेंगी।


अन्य पोस्ट