रायपुर
8 दिवस के पुलिस रिमाण्ड पर लिया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवम्बर। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रायपुर द्वारा पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) पद पर पदोन्नति हेतु आयोजित विभागीय परीक्षा 24 के प्रश्नपत्र लीक मामले में आरोपी वीर सिंह जाटव, 35 वर्ष तथा अरविंद जाटव, 41 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम घना की गडय़िा, थाना उमरी, जिला भिण्ड (म.प्र.) को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को आज विशेष न्यायालय पेश कर 23 नवंबर तक रिमाण्ड पर लिया ।
आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7(सी) तथा भारतीय दण्ड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 120-बी के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध है। उल्लेखनीय है कि पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण हेतु चयनित करने के लिए आयुक्त, भू-अभिलेख द्वारा 7 जनवरी 24 को राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा 2024 आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। परीक्षा में अनियमितताओं के संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग का उच्च स्तरीय जाँच प्रतिवेदन प्राप्त होने पर सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रकरण की जाँच श्वह्रङ्ख-्रष्टक्च को सौंपी गई। ब्यूरो द्वारा की गई प्रारंभिक जाँच के निष्कर्षों के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना में पाया गया कि आरोपी वीर सिंह जाटव एवं अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से संबद्ध प्रकरण के सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र करते हुए परीक्षा की गोपनीयता भंग की तथा परीक्षा से पूर्व प्रश्नपत्र लीक कर परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को अवैध रूप से उपलब्ध कराया।
इसके एवज में अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूल की गई।
15 नवंबर 26 को कार्यपालिक दण्डाधिकारी के समक्ष आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई गई, जिसमें परीक्षा में सम्मिलित हुए संबंधित पटवारियों द्वारा दोनों आरोपियों की पहचान लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने, लीक प्रश्नपत्र से तैयारी हेतु स्थान उपलब्ध कराने एवं अवैध वसूली करने वाले व्यक्तियों के रूप में की गई। अपराध में संलिप्तता के स्पष्ट प्रमाण मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है।