रायपुर

विवादित वीडियो मामले में अमित जोगी गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे
17-Nov-2026 6:20 PM
विवादित वीडियो मामले में अमित जोगी गिरफ्तारी देने थाने पहुंचे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 नवंबर। जनता कांग्रेस के मुखिया अमित जोगी को पीएम नरेंद्र मोदी और सीईसी ज्ञानेश कुमार पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट करना भारी पड़ सकता है।  भाजपा ने अमित जोगी के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट लिखाई है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। वहीं मंगलवार को अमित जोगी गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंचे। जहां पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

इससे पहले अमित जोगी ने पोस्ट को हटा दिया था और लिखित में माफी मांगी है। बावजूद इसके विवाद नहीं सुलझता दिख रहा है।  भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत की शिकायत पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। अमित जोगी के थाने पहुंचने से प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, अमित जोगी ने हाल ही में वोट चोरी के मुद्दे पर एक वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को जिस अंदाज में प्रस्तुत किया गया था, उसे लेकर भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। इसके बाद मामला राजनीतिक विवाद में बदल गया।

वीडियो को लेकर भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत, शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर सहित अन्य भाजपा नेताओं ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। भाजपा नेताओं ने वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की थी।


अन्य पोस्ट