रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवम्बर। आम आदमी पार्टी के नेता विजय कुमार झा ने प्रदेश की जर्जर और गड्ढों से भरी सडक़ों को लेकर राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा 15 अक्टूबर से प्रदेश भर की सडक़ों की मरम्मत शुरू करने का दावा किया गया था, लेकिन नवंबर का आधा महीना बीत जाने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हो सका है। प्रमुख जिलों की बदहाल स्थिति सरकार की विफलता को उजागर किया है।
श्री झा ने बताया कि दुर्ग और महासमुंद शहर की बदहाल सडक़ों को नई शक्ल देने की तैयारी डामर की महंगाई और प्रशासनिक लेटलतीफी की भेंट चढ़ गई है। स्थिति यह है कि 4 बार टेंडर जारी होने के बावजूद काम करने के लिए कोई एजेंसी नहीं मिल पाई है, जिसके चलते शहर की 12 प्रमुख सडक़ों का निर्माण व मरम्मत कार्य पूरी तरह रुका हुआ है।राजनांदगांव जिले में स्थिति और भी भयावह है। यहाँ 100 से अधिक सडक़ें इस कदर बदहाल हैं कि वे चलने लायक भी नहीं बची हैं। विडंबना यह है कि इन सडक़ों की मरम्मत के लिए विभाग के पास फंड तक उपलब्ध नहीं है।