रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवंबर। पहले डीएड अभ्यर्थी,पटवारी और फिर आंबा कार्यकर्ताओं के बाद अब प्रदेश की करीब 4500 स्टाफ नर्सों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है। नर्सें 21 नवंबर से राजधानी रायपुर के माना तूता में धरना-प्रदर्शन करेंगी। इस आंदोलन के चलते प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में इलाज और स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है।
नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ ने बताया कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। नियमित कर्मचारियों के साथ संविदा नर्सों के वेतनमान को लेकर भी मांग उठाई जा रही है। आंदोलन में शामिल नर्सों ने संविदा कर्मचारियों को भी न्यूनतम 40 हजार रुपये वेतन देने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी गई है। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल सांकेतिक विरोध नहीं होगा, बल्कि मांगों पर निर्णय होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने की तैयारी है।
आंदोलन से जुड़ी प्रमुख मांगों में संविदा पर काम कर रही नर्सों को न्यूनतम 40 हजार रुपये वेतनमान देना शामिल है। नर्सों का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद वेतन और सेवा शर्तों को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं। वेतनमान में सुधार के साथ अन्य मांगों पर भी सरकार से निर्णय लेने की अपेक्षा की जा रही है।
नर्सों की हड़ताल का असर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र , जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेजों तक पड़ सकता है। यदि बड़ी संख्या में नर्सें काम बंद करती हैं तो मरीजों की देखभाल, वार्ड प्रबंधन और नियमित उपचार व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। हालांकि, अस्पतालों में वैकल्पिक व्यवस्था को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।