रायपुर

शहर में गंदगी, दो अफसरों को नोटिस, सरकार ने अब जाकर ली सुध
16-Nov-2026 8:31 PM
शहर में गंदगी, दो अफसरों को नोटिस, सरकार ने अब जाकर ली सुध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 नवंबर। आखिरकार राजधानी रायपुर में गंदगी की शिकायत पर सरकार ने सुध ली है। इस कड़ी में नगरीय प्रशासन विभाग ने निगम के दो अफसरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन दोनों अफसरों को सफाई व्यवस्था के लिए समुचित कदम नहीं उठाने पर नोटिस जारी किया गया है, और तीन दिन के भीतर जवाब देने के लिए कहा गया है।

नगर निगम क्षेत्र में इस बार दीवाली त्योहार पर भी गंदगी का आलम रहा। इसको लेकर रायपुर नगर निगम के भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया था। सफाई व्यवस्था में सुधार न होने पर लोगों में नाराजगी रही। अब जाकर सरकार ने जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई शुरू की है।

विभाग ने शहर के कई स्थानों पर गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया जिम्मेदार मानते हुए निगम के उपायुक्त (सफाई प्रभारी) जसदेव बाबरा और जोन -4 की आयुक्त श्रीमती दिव्या चन्द्रवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने दोनों अधिकारियों को 3 दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने निगम आयुक्त को जवाब का परीक्षण कर अभिमत सहित संचालनालय को भेजने को कहा है।

 विभाग ने दोनों अधिकारियों को जारी नोटिस में कहा है कि प्रत्येक समीक्षा बैठक में नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया जाता रहा है, किन्तु आपके द्वारा वरिष्ठालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए अपनी कार्य प्रणाली में आशातीत सुधार नहीं किया गया है। परिणामस्वरूप आए दिन  जगह-जगह गंदगी फैले होने संबंधी समाचार प्रकाशित होते हैं, जो नगर निगम एवं शासन की छवि धूमिल करने के साथ-साथ आपकी कार्य प्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह उपस्थित करता है। शहर में जगह-जगह फैली गंदगी के लिए प्रथम दृष्टया आप जिम्मेदार प्रतीत होते हैं।

विभाग ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा एवं छत्तीसगढ़ नगरपालिक निगम नियम के प्रावधानों के अंतर्गत दोनों अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 3 दिनों के भीतर  निगम के आयुक्त के माध्यम से जवाब प्रस्तुत करने को कहा है। निर्धारित समयावधि में उत्तर प्राप्त नहीं होने पर यह माना जाएगा कि इन्हें अपने बचाव में कुछ नहीं कहना है। इस स्थिति में नियमानुसार एकपक्षीय कार्यवाही की जाएगी।


अन्य पोस्ट