रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवंबर। तेरह दिनों से जारी अनिश्चितकालीन आंदोलन पर दमनात्मक कार्रवाई करने ईडी,ईओडब्लू का दुरुपयोग करने से आक्रोषित प्रदेशभर के पटवारी राजधानी के धरना स्थल तूता में एकत्र होने लगे हैं। जहां आंदोलन की आगामी रणनीति तय करेगें।
कर्मचारी नेता विजय कुमार झा ने बताया है कि अंबिकापुर कोंटा दंतेवाड़ा के पटवारी रायपुर के लिए देर रात रवाना हो गए थे। श्री झा ने कहा है कि इससे पटवारियों में भारी नाराजगी है। अब राजस्व पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत प्रसाद कश्यप एवं राजधानी के अध्यक्ष कमलेश तिवारी ने पटवारियों से अपील की है कि अब करो या मरो की स्थिति है। राज्य सरकार के अधिकारी पिछली सरकार के चाटुकारिता कर पदस्थ अधिकारी हैं, जो आदिवासी मुख्यमंत्री श्री साय को एक साजिश के तहत बदनाम रहे हैं तथा उनकी सरकार के विरुद्ध में लगातार दमनात्मक कार्रवाई कर पूरे प्रदेश में भडक़ा रहे हैं।