रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 नवम्बर। राजनांदगांव के एक पेट्रोल पंप पर टैंकर से पेट्रोल-डीजल खाली करने के बाद चलान मांगना एक चालक को भारी पड़ गया। चलान देने से इनकार करने के बाद पेट्रोल पंप के मालिक, मैनेजर और एक अन्य कर्मी ने टैंकर चालक के साथ गाली-गलौज, मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। मामले में मंदिर हसौद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक शुभम कुमार 25 ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह पिछले तीन से एचपीसीएल डिपो मंदिर हसौद से पेट्रोल-डीजल टैंकर चलाने का काम करता है। 14 नवंबर को वह टैंकर सीजी 10 बीयू 2419 में पेट्रोल और डीजल लेकर राजनांदगांव स्थित जी.एस. भाटिया एंड कंपनी के पेट्रोल पंप गया था। जहां ईंधन खाली करने के बाद उसने कंपनी में जमा करने के लिए चलान मांगा। इस दौरान पेट्रोल पंप मालिक दिलजीत सिंह, मैनेजर मनीष और एक अन्य कर्मचारी ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। चालक ने रात घटना की जानकारी ट्रांसपोर्टर के मैनेजर को फोन पर दी। पेट्रोल पंप मालिक कार्यालय से बाहर आया और कर्मचारियों से पंप की लाइट बंद करवा दी। फिर तीनों ने मिलकर शुभम के साथ हाथ-मुक्कों, हाथ में पहने कड़े और फायर सेफ्टिी सिलेंडर के पाइप से मारपीट की। मारपीट में वह बेहोश हो गया। होश आने पर वह ट्रक लेकर वापस मंदिर हसौद आ गया। जहां ट्रांसपोर्टर के मैनेजर और यूनियन अध्यक्ष ने मंदिर हसौद में उसका इलाज करवाया। जिसके बाद उसने मंदिर हसौद थाना जाकर राजनांदगांव के जी.एस. भाटिया एंड कंपनी पेट्रोल पंप के मालिक दिलजीत सिंह, मैनेजर मनीष और एक अन्य कर्मचारी के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) एवं 351(2) में मामला दर्ज कराया।