रायपुर

किडनी दान से दो मरीजों को मिला जीवनदान, एक ही दिन में एम्स में प्रत्यारोपण
16-Nov-2026 8:24 PM
 किडनी दान से दो मरीजों को मिला जीवनदान, एक ही दिन में एम्स में प्रत्यारोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 नवंबर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर ने  एक ही दिन में दो कैडेवर (मृतक दाता) किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए हैं। इन प्रत्यारोपणों से गंभीर किडनी रोग से पीडि़त और लंबे समय से डायलिसिस पर निर्भर दो मरीजों को नया जीवन मिला है। यह उपलब्धि 10वीं कक्षा के छात्र जितेंद्र दीप के परिजनों के साहसिक और मानवीय निर्णय से संभव हो सकी, जिन्होंने ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद अपने बेटे की दोनों किडनी और कॉर्निया दान करने की सहमति दी। जितेंद्र छत्तीसगढ़ के 16वें मृतक अंगदाता बने हैं।

रायपुर निवासी 20 वर्षीय जितेंद्र दीप 9 नवंबर 2026 को सडक़ दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें पहले डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में रामकृष्ण केयर अस्पताल स्थानांतरित किया गया। दुर्घटना में उनके सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। इसके अलावा उनकी कई पसलियां टूट गई थीं और न्यूमोमेडियास्टिनम (फेफड़ों के आसपास के स्थान में हवा जमा होने) की समस्या भी उत्पन्न हो गई थी। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद 14 नवंबर  को उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया।उनके भाई विक्की दीप ने बताया कि कहा कि अंग प्राप्त करने वाले मरीजों के माध्यम से जितेंद्र की यादें हमेशा जीवित रहेंगी और उनका जीवन दूसरों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।

राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (एसओटीटीओ), छत्तीसगढ़ की निर्धारित आवंटन नीति के तहत दोनों किडनी जरूरतमंद मरीजों को आवंटित की गईं।  पहली किडनी महासमुंद जिले के बसना निवासी 46 वर्षीय पुरुष को प्रत्यारोपित की गई, जो डायबिटिक किडनी रोग से पीडि़त थे और पिछले तीन वर्षों से डायलिसिस करा रहे थे। दूसरी किडनी धमतरी निवासी 39 वर्षीय पुरुष को लगाई गई, जो पिछले सात वर्षों से किडनी फेल्योर के कारण डायलिसिस पर निर्भर थे। फिलहाल दोनों मरीजों का   उनकी सेहत में तेजी से सुधार हो रहा है।

एम्स रायपुर के यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अमित शर्मा ने बताया कि दोनों प्रत्यारोपण की पूरी प्रक्रिया में 12 घंटे से अधिक समय लगा।  नेफ्रोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनय राठौर ने बताया कि एम्स रायपुर में अब तक कुल 125 किडनी प्रत्यारोपण किए जा चुके हैं। इनमें से 48 प्रत्यारोपण अकेले वर्ष 2026 में किए गए हैं।

 यूरोलॉजी विभाग की टीम का नेतृत्व डॉ. अमित आर. शर्मा ने किया, जिसमें डॉ. दीपक बिस्वाल, डॉ. सत्यदेव शर्मा और डॉ. राघवेंद्र शामिल रहे। नेफ्रोलॉजी विभाग से डॉ. विनय राठौर तथा एनेस्थीसियोलॉजी विभाग से डॉ. सुब्रत सिंहा, डॉ. मयंक कुमार और डॉ. प्रियंका ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रत्यारोपण समन्वयकों श्री विसोक, श्रीमती फमेश्वरी साहू और सुश्री पल्लवी वर्मा ने रामकृष्ण केयर अस्पताल से एम्स रायपुर तक अंगों के सुरक्षित परिवहन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समन्वय किया।


अन्य पोस्ट