रायपुर
भोपाल से रायपुर आ रही थीं, नागपुर रेलवे स्टेशन पर नींद खुलने पर चोरी का पता चला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 14 नवम्बर। भोपाल से रायपुर आ रही बुजुर्ग महिला के गहनों से भरा बैग ट्रेन में यात्रा के दौरान पार हो गया। बैग में ढाई लाख रूपए के जेवर, नकदी और मोबाइल रखे हुए थे। पीडि़ता ने रायपुर जीआरपी थाने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के मुताबिक भोपाल निवासी रामरती सिंह 60 वर्ष, 12 नवंबर को छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के कोच एस-5 की बर्थ नंबर 17 पर भोपाल से रायपुर आ रही थीं। यात्रा के दौरान रात वह अपने सीट पर सो गई। उसने अपना बैग अपने सिरहाने के पास रखा था। जब ट्रेन नागपुर रेलवे स्टेशन के पास पहुची तब उसकी नींद खुली तो उनका लेडीज पर्स गायब मिला। किसी अज्ञात व्यक्ति ने मौका पाकर पर्स चोरी कर लिया।
रामरती सिंह ने बताया कि उसके पर्स में एक सैमसंग मोबाइल, 3 हजार रूपए नकद और सोने का चेन, कान के टॉप्स, झुमके और अन्य सामान रखे हुए थे। उसने अपने पर्स की खोजबीन की पर उसका कहीं कोई पता नहीं चला। चोरी होने के शक में उसने रेलवे हेल्प लाइन नम्बर पर कॉल कर इसकी सूचना दी। जिसके बाद यात्रा पूरी कर रायपुर जीआरपी में इसकी शिकायत दर्ज कराई।
जीआरपी ने महिला की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। घटना नागपुर रेलवे स्टेशन के क्षेत्र की होने के कारण मामले को जीआरपी थाना नागपुर भेजा गया।