रायपुर

बाल संरक्षण के लिए स्कूलों में गठित होंगे ‘बाल प्रहरी क्लब’
14-Nov-2026 6:31 PM
बाल संरक्षण के लिए स्कूलों में गठित होंगे ‘बाल प्रहरी क्लब’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 14 नवम्बर। बाल अधिकारों की रक्षा और विद्यालयों में सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में ‘बाल प्रहरी क्लब’ गठित किए जाएंगे। इसके लिए छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग  की

अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य आयुक्त  इंद्रजीत सिंह खालसा की उपस्थिति में एमओयू हुआ। इस अवसर पर आयोग के सचिव  बृजेंद्र सिंह सहित दोनों संस्थाओं के अधिकारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इस पहल के तहत कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ अपने सहपाठियों की सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जिम्मेदार बनाया जाएगा। प्रत्येक क्लब दस विषयों पर काम करेगा। इनमें बाल विवाह रोकथाम, बाल श्रम उन्मूलन, नशामुक्त परिसर, पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता तथा साइबर सुरक्षा एवं मानव तस्करी की रोकथाम पांच स्थायी विषय होंगे। शेष पांच विषय स्थानीय जरूरतों के अनुसार चुने जाएंगे।

इनमें आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा, पलायन की निगरानी, स्ट्रीट चिल्ड्रन का पुनर्वास, किशोर स्वास्थ्य और अंधविश्वास उन्मूलन जैसे विषय शामिल हो सकते हैं।

क्लबों को ग्राम पंचायत स्तरीय बाल संरक्षण समितियों, जिला बाल संरक्षण इकाइयों , बाल कल्याण समितियों , चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन सेवा 112 से समन्वित किया जाएगा।  उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यार्थियों को ‘श्रेष्ठ बाल प्रहरी सम्मान’ से प्रोत्साहित किया जाएगा।

बाल प्रहरी के रूप में चुने गए विद्यार्थियों की भूमिका जागरूकता, सूचना और सहयोग तक सीमित रहेगी। वे किसी संवेदनशील मामले में सीधे हस्तक्षेप या टकराव नहीं करेंगे।


अन्य पोस्ट