रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग ने इलेक्ट्रोपैथी और होम्योपैथी को लेकर व्याप्त भ्रम दूर करते हुए स्पष्ट किया है कि इलेक्ट्रोपैथी, होम्योपैथी की शाखा, विशेषज्ञता या उसका हिस्सा नहीं है। दोनों अलग-अलग चिकित्सा पद्धतियां हैं और इन्हें एक-दूसरे के विकल्प अथवा समान पद्धति के रूप में प्रस्तुत नहीं किया जा सकता।
आयोग के प्रभारी सचिव डॉ. रजत चट्टोपाध्याय ने 12 नवंबर 2026 को जारी सार्वजनिक सूचना में कहा है कि आम जनता, चिकित्सकों और चिकित्सा संस्थानों के बीच दोनों पद्धतियों को लेकर भ्रम की स्थिति सामने आई है। इसे देखते हुए आयोग ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आयुष एवं होम्योपैथी आयुक्तों, निदेशकों तथा सभी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेजों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सार्वजनिक सूचना में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी व्यक्ति या संस्थान इलेक्ट्रोपैथी को होम्योपैथी की शाखा, विशेषज्ञता अथवा उप-शाखा बताकर प्रचारित नहीं कर सकेगा। इलेक्ट्रोपैथी के चिकित्सक लागू कानूनों के तहत पंजीकृत होम्योपैथिक चिकित्सकों के लिए आरक्षित व्यावसायिक उपाधियों, नाम के आगे लगाए जाने वाले उपसर्गों और वैधानिक पंजीकरण संबंधी विवरणों का उपयोग भी नहीं कर सकेंगे।
आयोग ने इलेक्ट्रोपैथी से जुड़े शैक्षणिक केंद्रों, क्लिनिकों और अन्य प्रतिष्ठानों को अपने साइनबोर्ड, विज्ञापन और प्रचार सामग्री में संबंधित चिकित्सा पद्धति की स्पष्ट पहचान दर्शाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आम लोगों के बीच किसी तरह का भ्रम या भ्रामक प्रस्तुतीकरण न हो। आयोग ने सभी संबंधित संस्थाओं और चिकित्सकों को निर्देशों का संज्ञान लेकर लागू कानूनों एवं विनियमों के अनुरूप अनुपालन सुनिश्चित करने की सलाह दी है।