रायपुर
प्रगति नहीं लाने वाले ठेकेदारों का पंजीयन निरस्त करने के निर्देश, अधिकारियों को हर सप्ताह दो दिन फील्ड विजिट करना होगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वीकृत निविदा वाले निर्माण कार्यों के कार्यादेश चयनित ठेकेदारों और एजेंसियों को जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों में देरी करने और हीलाहवाला करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनका पंजीयन निरस्त करने को कहा है। साथ ही अधिकारियों को ठेकेदारों से बेहतर समन्वय बनाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
सचिव बंसल ने मंत्रालय में बस्तर संभाग में आरआरपी और आरसीपीएलडब्ल्यूईए के तहत निर्माणाधीन सडक़ों और पुलों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों के साथ सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा सडक़ों पर दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट दूर करने के लिए आरटीओ और एसपी कार्यालयों के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीआईआरएफ और नाबार्ड से सहायता प्राप्त परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
निर्माण भवन में विद्युत एवं यांत्रिकी परिक्षेत्र के कार्यों की समीक्षा के दौरान उन्होंने अच्छी गुणवत्ता की सामग्री और उपकरणों के उपयोग तथा परिसंपत्तियों के रखरखाव में मितव्ययता बरतने को कहा। विद्युत एवं यांत्रिकी कार्यों के ठेकेदारों के वित्तीय वर्ष 2025-26 तक के सभी लंबित बिलों का भुगतान दिसंबर तक करने और लंबित भुगतानों की जानकारी एक सप्ताह में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में सचिव ने भवनों, सडक़ों और पुलों के निर्माण में तेजी लाने के साथ भू-अर्जन, वन व्यपवर्तन और मुआवजा प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की। उन्होंने जून 2027 से पहले मरम्मत किए जा सकने वाले सडक़ों की सूची तैयार करने को कहा। अधिकारियों को हर सप्ताह कम से कम दो दिन फील्ड विजिट करने तथा मुख्य अभियंताओं को अधीक्षण अभियंता से उप अभियंता तक नियमित बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुकंपा नियुक्ति, पेंशन प्रकरण और नए बजट की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
स्वीकृत निविदा वाले निर्माण कार्यों