रायपुर

महिला पेंशनर्स सम्मेलन में स्मृति इरानी को आमंत्रित करने किरणदेव से मिला महासंघ
13-Nov-2026 6:35 PM
महिला पेंशनर्स सम्मेलन में स्मृति इरानी को आमंत्रित करने किरणदेव से मिला महासंघ

सांसद रूपकुमारी चौधरी को अध्यक्षता के लिए आमंत्रित करने मांगा सहयोग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13  नवम्बर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के नेतृत्व में महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज  प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री किरणदेव से  भेंट की। इस दौरान  20 दिसंबर  को रायपुर में आयोजित होने वाले महिला सीनियर सिटीजन पेंशनर्स कल्याण सम्मेलन-2026 में प्रमुख अतिथियों की सहभागिता सुनिश्चित कराने  सहयोग का आग्रह किया ।

प्रतिनिधिमंडल ने श्री किरणदेव से आग्रह किया कि सम्मेलन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी को मुख्य वक्ता, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े को मुख्य अतिथि,  सांसद एवं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती रूपकुमारी चौधरी को सम्मेलन की अध्यक्षता के लिए आमंत्रित करने  भी सहयोग मांगा।

महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य वरिष्ठ महिला पेंशनरों के अनुभव, सम्मान, अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है। इस आयोजन में प्रदेशभर से वरिष्ठ महिला पेंशनरों, महिला पदाधिकारियों एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है।

श्री देव ने तत्काल महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े से दूरभाष पर चर्चा की। उन्होंने सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी से भी चर्चा करने तथा श्रीमती स्मृति ईरानी के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पेंशनर्स महासंघ के प्रतिनिधियों से उनकी भेंट कराने की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।


अन्य पोस्ट