रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने राज्य के समस्त पेंशनरों से अपील की है कि वे अपने पेंशन खाते में आधार नंबर लिंक कराने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर लें। विशेष रूप से उन पेंशनरों को सतर्क रहने की आवश्यकता है, जिनका पेंशन खाता भारतीय स्टेट बैंक के अतिरिक्त किसी अन्य बैंक में संचालित है।
श्री नामदेव ने बताया कि वर्ष 2018 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के पेंशन प्रकरणों का संधारण एवं भुगतान संबंधी प्रक्रिया भारतीय स्टेट बैंक के सेंट्रल पेंशन प्रोसेसिंग सेल के माध्यम से की जा रही है। ऐसी स्थिति में अन्य बैंकों में पेंशन खाता रखने वाले पेंशनरों को भी अपने नजदीकी भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जाकर पेंशन खाते से आधार नंबर लिंक कराने के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेंशन खाता सामान्य बचत खाते से अलग प्रकृति का होता है। इसलिए पेंशनरों को यह नहीं समझना चाहिए कि उनका खाता किसी अन्य बैंक में होने के कारण आधार लिंक कराने की आवश्यकता नहीं है। आधार लिंक नहीं होने की स्थिति में भविष्य में पेंशन भुगतान संबंधी तकनीकी अथवा प्रशासनिक बाधा उत्पन्न हो सकती है। इससे बचने के लिए समय रहते आवश्यक औपचारिकता पूरी करना हितकर होगा।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रवीण कुमार त्रिवेदी, संगठन मंत्री टी पी सिंह आदि ने प्रदेश के सभी पेंशनर संगठनों, जिला एवं तहसील इकाइयों के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया है कि वे अपने क्षेत्र के पेंशनरों तक इस महत्वपूर्ण सूचना को पहुंचाएं, ताकि किसी भी पेंशनर को आधार लिंकिंग की प्रक्रिया अधूरी रहने के कारण पेंशन भुगतान में परेशानी का सामना न करना पड़े।