रायपुर

बस्तर में 99 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस, 17 निलंबित
12-Nov-2026 7:40 PM
बस्तर में 99 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस, 17 निलंबित

नोटिस के बाद भी काम पर नहीं लौटने पर कार्रवाई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी है। बस्तर में प्रशासन ने हड़ताल पर गए 99 पटवारियों की अनुपस्थिति अवधि को ब्रेक इन सर्विस घोषित कर दिया है, जबकि 17 पटवारियों को निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई राज्य शासन के निर्देश पर की गई है।

जिला प्रशासन के अनुसार बस्तर जिले की 10 तहसीलों में कुल 180 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें 30 प्रशिक्षु शामिल हैं। इनमें से 136 पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, जबकि 44 पटवारी काम कर रहे हैं। हड़ताल पर गए सभी 136 पटवारियों को पहले कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसके बावजूद काम पर नहीं लौटने पर प्रशासन ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

तहसीलवार कार्रवाई में जगदलपुर में 23 पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस और दो को निलंबित किया गया है। बस्तर तहसील के सभी 16 हड़ताली पटवारियों का ब्रेक इन सर्विस किया गया है, जबकि इनमें से दो को निलंबित भी किया गया है। भानपुरी में 14 का ब्रेक इन सर्विस और दो का निलंबन, बकावंड में 13 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन किया गया है। इसी तरह लोहंडीगुड़ा में 11 का ब्रेक इन सर्विस और दो का निलंबन, करपावंड में 10 का ब्रेक इन सर्विस और एक का निलंबन तथा नानगुर में सात का ब्रेक इन सर्विस और दो का निलंबन हुआ है। तोकापाल, बास्तानार और दरभा तहसीलों में भी पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।


अन्य पोस्ट