रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 नवंबर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे के बाद प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी सुखदेव भगत 16 तारीख से तीन दिनी प्रदेश दौरे पर यहां आ रहे हैं। वो सरगुजा संभाग के जिलों में कोयला खदान प्रभावितों से रूबरू होंगे।
भगत जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों का दौरा करेंगे। उनका फोकस संगठन को मजबूत करने के साथ बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं और आम लोगों से संवाद करना रहेगा। दिलचस्प बात ये है कि 15 तारीख को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रायगढ़ के धरमजयगढ़ इलाके में सभा है। उनके बाद सुखदेव भगत, प्रदेश के नेताओं के साथ पहुंच रहे हैं।
भगत अपने दौरे में वे कोल ब्लॉक प्रभावित ग्रामीणों से भी मुलाकात करेंगे।
भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से रवाना होकर सडक़ मार्ग से पहुंचेंगे। शंख नदी पर प्रदेश सीमा में उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कुनकुरी और कांसाबेल में बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। कुनकुरी में कैथोलिक चर्च के बिशप से सौजन्य भेंट और हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन का कार्यक्रम भी है। पत्थलगांव में वे जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल को श्रद्धांजलि देंगे और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद मैनपाट में रात्रि विश्राम करेंगे।
दूसरे दिन 17 नवंबर को मैनपाट के बौद्ध मठ में दर्शन के बाद उदयपुर पहुंचेंगे। यहां बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे। इसके बाद ग्राम साल्ही में पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों तथा संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे। शाम को प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंड्रा) में जन चौपाल के बाद अंबिकापुर पहुंचेंगे।