रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। चकमा देकर फरार हुआ ड्रग तस्कर मुशर्रफ कादरी तीन घंटे के भीतर दोबारा पकड़ लिए जाने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने और ग्राहक तलाशने की सूचना पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ा था। लेकिन पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के बीच वह अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार की शाम यह घटना हुई।
मौदहापारा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम को रजबंधा मैदान के पास एक युवक के ड्रग बेचने ग्राहक तलाशने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम ने उसे पकड़ा। उसकी पहचान मुशर्रफ कादरी, पिता मुख्तार खान, 24 निवासी मौदहापारा के रूप में हुई है। पुलिस टीम उसे पकडऩे के बाद मौके पर पूछताछ कर साक्ष्य एकत्र कर रही थी। इसी बीच मुशर्रफ कादरी मौका पाकर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाया और वहां से भाग निकला। करीब तीन घंटे की तलाशी के बाद वह पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार मुशर्फ कादरी की निशानदेही पर समवेत शिखर कॉम्प्लेक्स के पास एक पेड़ के नीचे छिपाए गए पर्स से चार पैकेट में सफेद नशीला पाउडर बरामद किया गया। पैकेट सहित कुल वजन 4.93 ग्राम है।
आरोपी के बताए मुताबिक पाउडर नुमा ड्रग्स के एमडीएमए होने औरइसकी अनुमानित कीमत 28,000 है।उसकी तलाशी के दौरान नकद, एक एटीएम कार्ड, एक मोबाइल और एक डियो स्कूटी भी जब्त किया है। उस पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) एवं 29 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।