रायपुर
ऑफ एक्सीलेंस की आधारशिला रखी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपए की लागत से बनने वाले श्रीमती मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी की आधारशिला रखी। अत्याधुनिक तकनीकों, अनुसंधान सुविधाओं और स्टार्टअप इन्क्यूबेशन से सुसज्जित यह केंद्र प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को अपने अभिनव विचारों को सफल उद्यमों में बदलने का अवसर प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के तकनीकी नवाचारों का किया अवलोकन किया । उन्होंने कहा - हमारे युवा रोजगार मांगने वाले ही नहीं, रोजगार देने वाले भी बनें। स्टार्टअप एवं निपुण मिशन और मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500-500 करोड़ रुपए का प्रावधान, नई तकनीकों में युवाओं को अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के माटीपुत्र और प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल का विशेष अभिनंदन किया। उल्लेखनीय है कि लगभग 88.76 करोड़ रुपए की इस परियोजना में मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपए से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम के दौरान एनआईटी रायपुर के विद्यार्थियों द्वारा विकसित विभिन्न स्टार्टअप और तकनीकी मॉडलों का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके नवाचारों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली।एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर बनने वाले इस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का कुल निर्मित क्षेत्रफल लगभग 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले इस भवन में उभरती प्रौद्योगिकियों की सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी।
इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी की प्रयोगशालाएं शामिल होंगी।