रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 11 नवंबर। रायपुर जिले में 15 नवंबर से धान खरीदी प्रारंभ होगी। किसानों को अपनी उपज बेचने में अधिक सुविधा मिले, इसके लिए जिले में इस वर्ष 21 नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों में धान खरीदी की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि धान खरीदी राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य शासन किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान बेचने आने वाले वास्तविक किसानों को उपार्जन केंद्रों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। धान खरीदी का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचे, इसके लिए कोचियों एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री भूपेश चन्द्रवंशी ने बताया कि रायपुर जिले में 21 नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रस्तावित हैं। इनमें से 17 केंद्रों में स्थल चयन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।