रायपुर

भाजपा नेता जनजातीय गौरव दिवस का ढोंग कर रहे-बैज
11-Nov-2026 8:47 PM
भाजपा नेता जनजातीय गौरव दिवस का ढोंग कर रहे-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 11 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के रायगढ़ दौरे पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बस्तर से सरगुजा तक आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन पर उद्योगपतियों का कब्जा कराया जा रहा है और दूसरी तरफ भाजपा जनजातीय गौरव दिवस मनाने का पाखंड कर रही है। यह आदिवासियों के प्रति सम्मान नहीं, बल्कि उनके शोषण पर पर्दा डालने की राजनीतिक कवायद है।

बैज ने मीडिया से कहा कि रायगढ़ जिले के तमनार में आदिवासी हितों को कुचला गया और अपने संसाधनों को बचाने के लिए प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की बर्बरता से पिटाई की गई। बिना ग्रामसभा की सहमति के तारा कोल ब्लॉक और नंदराज पर्वत अडानी को सौंपने, वनाधिकार पट्टे रोकने और आदिवासियों के लोकतांत्रिक विरोध को दबाने के आरोप भी उन्होंने लगाए।

उन्होंने कहा कि हसदेव अरण्य, नंदराज पर्वत, बैलाडीला, तारा कोल ब्लॉक और तमनार में उद्योगपतियों के मुनाफे के लिए जंगलों की कटाई की जा रही है। पोलावरम और बोधघाट परियोजनाओं से प्रभावित लोगों की समस्याएं सुनने के बजाय उनके विरोध को पुलिस बल से दबाया जा रहा है। महुआ, तेंदूपत्ता, इमली और अन्य लघु वनोपज पर निर्भर आदिवासी परिवारों की आजीविका भी संकट में है।


अन्य पोस्ट