रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने छठ पूजा के दौरान ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर व्यापक भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की गई है। यात्रियों की सुरक्षित एवं सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा स्टेशन परिसरों में भीड़ को नियंत्रित रखने के उद्देश्य से रायपुर, दुर्ग एवं भिलाई पावर हाउस रेलवे स्टेशनों पर विशेष इंतजाम किए हैं। 14 नवम्बर तक दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ रहने की संभावना है।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर लगभग 4200 वर्गफीट क्षेत्र में होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें लगभग 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था के साथ सीसीटीवी, यात्रियों को किफायती खाना, पेयजल की व्यवस्था एवं प्रकाश की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बिहार एवं उत्तर प्रदेश की ओर जाने वाली तीन ट्रेनों 15160 दुर्ग–छपरा सारनाथ एक्सप्रेस,15232 गोंदिया–बरौनी एक्सप्रेस,13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर 07 से चलाई जाएंगी।जिससे प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित किया जा सके।
यात्रियों की सुविधा के लिए व्यस्त समय में तीन अतिरिक्त टिकट काउंटर तथा छह अतिरिक्त ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (्रञ्जङ्करू) की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही एम-यूटीएस सुविधा एवं अतिरिक्त वाणिज्यिक पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर मल्टीफंक्शनल कॉम्प्लेक्स का उपयोग होल्डिंग एरिया के रूप में किया जा रहा है। यात्रियों को किफायती खाना, पेयजल की व्यवस्था, सभी प्लेटफार्मों पर ट्रेनों के आवागमन के अनुसार अग्रिम प्लेटफार्म निर्धारण किया गया है। व्यस्त समय में अतिरिक्त टिकट काउंटर एवं अतिरिक्त एटीवीएम की व्यवस्था की गई है।
तीनों प्रमुख स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 42 तथा भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर 12 आरपीएफ कर्मियों की बीटवार एवं शिफ्टवार तैनाती की गई है। इनके साथ टिकट जांच कर्मचारियों को भी तैनात किया गया है।
रायपुर स्टेशन पर 55, दुर्ग में 43 तथा भिलाई पावर हाउस में 55 सीसीटीवी कैमरे कार्यरत हैं। इन कैमरों के माध्यम से स्टेशन परिसर की सतत निगरानी की जाएगी। रायपुर में ड्रोन की उपलब्धता भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए दर्शाई गई है। यात्रियों की कतारों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग एवं आवश्यकतानुसार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा एवं त्वरित सहायता के लिए वार रूम सक्रिय रखा गया है, जहां विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरों की फीड के माध्यम से भीड़ की स्थिति पर निगरानी रखी जाएगी। रेलवे के वाणिज्यिक, परिचालन, इंजीनियरिंग, विद्युत, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।
स्टेशनों पर प्रतीक्षालय, शौचालय, पंखे, एयर कंडीशनिंग, पेयजल, लिफ्ट एवं एस्केलेटर जैसी यात्री सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्वच्छता की सतत निगरानी, खानपान स्टॉलों पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं निर्धारित दरों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। रायपुर स्टेशन पर एम्बुलेंस एवं चिकित्सा दल की व्यवस्था की गई है तथा रायपुर एवं दुर्ग स्टेशनों पर चिकित्सा शिविर आयोजित करने की व्यवस्था भी की जा रही है।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए दुर्ग बरौनी-दुर्ग के बीच 02 ट्रिप, दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग के बीच 04 ट्रिप तथा गोंदिया-पटना-गोंदिया के बीच 03 ट्रिप हैं।