रायपुर
अधिकारी कर्मचारियों को दिया गया दो दिवसीय प्रशिक्षण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 नवंबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा की विधायी कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुगम, सुव्यवस्थित एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा - नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन) के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपयोग पर अधिकारी कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया ।
विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित
इस प्रशिक्षण में नेवा प्लेटफॉर्म की विभिन्न तकनीकी, व्यावहारिक सुविधाओं से परिचित करा तथा विधायी प्रक्रियाओं में डिजिटल कार्यप्रणाली को प्रोत्साहित करना था। प्रशिक्षण के दौरान केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्रालय के नेवा समन्वयक अमन गौतम एवं श्रीधर स्वामी द्वारा एप्लीकेशन के विभिन्न मॉड्यूल, जिनमें एडमिन मॉड्यूल, प्रश्न मॉड्यूल एवं समिति मॉड्यूल का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। प्रतिभागियों को डिजिटल माध्यम से प्रश्न एवं सूचनाएँ प्रस्तुत करने, विधायी दस्तावेजों के प्रबंधन, सदन की कार्यवाही से संबंधित जानकारियों के ऑनलाइन आदान-प्रदान तथा नेवा की विभिन्न सुविधाओं के उपयोग की जानकारी ही गई।
कार्यक्रम में विधानसभा, चिप्स तथा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के अधिकारी भी शामिल रहे ।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण डिजिटल पहल है। इसका उद्देश्य देश की विधानसभाओं को आधुनिक सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जोड़ते हुए विधायी कार्यों को डिजिटल एवं पेपरलेस स्वरूप प्रदान करना है।
बताया गया है कि आगामी शीतकालीन सत्र से छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेवा सिस्टम में कार्यवाही संचालित करने के प्रयास हैं। किसी तरह की अड़चन होने पर बजट सत्र से पूरी तरह से नेवा लागू कर दी जाएगी। इसके लिए सभी 90 सदस्यों को कुर्सियों पर टैबलेट आदि लगाए जाने हैं। साथ ही उन्हें भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।